Home » ‘कोविड-19 संक्रमण से उबरने में हमें प्राचीन भारतीय संस्कारों को अपनाने पर बल देना होगा’ – प्रो. गिरीश्वर मिश्र

‘कोविड-19 संक्रमण से उबरने में हमें प्राचीन भारतीय संस्कारों को अपनाने पर बल देना होगा’ – प्रो. गिरीश्वर मिश्र

by admin

आगरा। शिक्षा संकाय, आगरा कॉलेज, आगरा द्वारा आयोजित द्वि-दिवसीय वेबिनार के प्रथम दिवस पर प्राचार्य डॉ विनोद कुमार माहेश्वरी ने आगन्तुक महानुभावों का स्वगात किया और प्रतिकूल परिस्थितियों में जीने के बारे में अपने विचार व्यक्त किये। वेबिनार के मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखते हुए प्रो गिरीश्वर मिश्र ने कहा कि वर्तमान काल में संक्रमण से बचने के लिए हमें अपने जीवनचर्या की वरीयताओं को ध्यान में रखना होगा। आहार और आचरण को ऋतु अनुकूल बनाना होगा। प्रत्याहार, चित्त-वृत्तियों का नियंत्रण, शुचिता, पवित्रता, अपरिग्रह और अहिंसा का अनुपालन करते हुए संतोषी जीवन बिताना होगा जो भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। हमारी भौतिकवादी सोच ने प्रकृति के संतुलन को बिगाड़ दिया है जिसे पुनः पुनर्जीवित करना होगा।

जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय के प्रो एमपी शर्मा ने अपने उद्बोधन में संक्रमण से निपटने के लिए साफ सफाई, समय पालन, भौतिक दूरी का ख्याल रखते हुए संवेदनशील होने पर बल दिया।

बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल के प्रो केएन त्रिपाठी ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए हमें नकारात्मक भाव से बचना होगा और सकारात्मक सोच विकसित करना होगा। इस अवसर से उत्पन्न तनाव को चुनौती के रूप में स्वीकार करना होगा। ध्यान, योग, प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पदार्थों के सेवन के साथ अपने जीवन शैली को परिवर्तित करना होगा तथा सहअस्तित्व और संकल्प के साथ जीवन जीवन जीना सीखना होगा।

वहीं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रो अरविंद कुमार पांडे ने शिक्षा पर कोविड-19 के प्रभाव पर विशेष चर्चा की। उनके अनुसार इस अभूतपूर्व स्थिति में शिक्षा के बदलते आयामों पर ध्यान आकृष्ट करना होगा। नई टेक्नोलॉजी के माध्यम से शिक्षक और छात्रों के मध्य संपर्क स्थापित कर छात्रों की समस्याओं का समाधान करना होगा। शिक्षकों की कमी को ध्यान में रखते हुए अवकाश प्राप्त शिक्षकों का सहयोग लेकर काउंसलर की भूमिका निभाते हुए छात्रों की समस्याओं का समाधान बहुत हद तक किया जा सकता है।

अंत में आगरा कॉलेज, आगरा के रसायन विभाग के प्रो डॉ के डी मिश्रा ने कोरोना वायरस के संरचना एवं उससे बचाव पर प्रकाश डाला।

इस वेबिनार में शहर के सम्मानित शिक्षाविद आरबीएस कॉलेज के शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष विनोद शर्मा, केंद्रीय हिंदी संस्थान के अध्यापक, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो बीना शर्मा, एमडीपीजी कॉलेज प्रतापगढ़ के प्राचार्य डॉ विनोद कुमार शुक्ल, आगरा कॉलेज आगरा के डॉ के पी तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles