Home » ट्रिपल मर्डर का तीसरा आरोपी भी गिरफ़्तार, साक्ष्य मिटाने के आरोप में एक महिला भी गिरफ़्तार

ट्रिपल मर्डर का तीसरा आरोपी भी गिरफ़्तार, साक्ष्य मिटाने के आरोप में एक महिला भी गिरफ़्तार

by admin

आगरा। बीते रविवार को नगला किशन लाल में हुए ट्रिपल मर्डर का खुलासा करने के साथ ही पुलिस ने 48 घण्टे के अंदर मुठभेड़ के दौरान तीसरे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।आज बुधवार तड़के तकरीबन पांच बजे छत्ता क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को गोली लगी है जिसे इलाज के लिए एसएन में भर्ती कराया है। वहीं मुठभेड़ के बाद एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे भी मौके पर पहुँच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस हत्याकांड के दो आरोपी एक दिन पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 

मामला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की बस्ती नगला किशनलाल का है। रविवार की रात परचून व्यापारी रामवीर (57), पत्नी मीरा (50) और बेटे बबलू (25) की निर्मम हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के खुलासे में पड़ोस के ही तीन युवक सुभाष, वकील और गजेंद्र ने इस हत्याकांड को पैसों के लेनदेन के चलते अंजाम दिया था। पुलिस ने मंगलवार तड़के सुभाष और वकील को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था लेकिन
मुख्य आरोपी सुभाष का भाई गजेंद्र, जो कि तीसरा आरोपी है, वह वारदात के बाद भाग गया था। बुधवार सुबह पुलिस को गजेंद्र के वापस आगरा आने की जानकारी मिली। इस पर थाना छत्ता क्षेत्र में आस्था सिटी के सामने पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर ली। 

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और क्षेत्राधिकारी (सीओ) छत्ता विकास जायसवाल पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पूछताछ में उसने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उधर, मुख्य आरोपी सुभाष की मां प्रेमवती को साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

एसपी सिटी ने बताया कि सुभाष से रामवीर ने तीन लाख रुपये उधार लिए थे। वह रकम लौटा नहीं रहे थे। इसी के चलते उसने गजेंद्र और वकील संग मिलकर पूरे परिवार की जान ले ली और 80 हजार रुपये और जेवरात लूट लिए थे। लूटे गए 80 हजार रुपये और जेवरात बरामद हो गए हैं। 

Related Articles