Home » उज्बेकिस्तान के राजदूत आये आगरा, पर्यटन क्षेत्र के विकास पर रखा ये प्रस्ताव

उज्बेकिस्तान के राजदूत आये आगरा, पर्यटन क्षेत्र के विकास पर रखा ये प्रस्ताव

by pawan sharma

आगरा। उज्बेकिस्तान के राजदूत एच ई फरहूद अर्ज़िर बुधवार को आगरा नगर निगम पहुंचे जहां महापौर नवीन जैन ने बुके देकर और माला पहनाकर उनका स्वागत अभिनंदन किया। इसके बाद नगर निगम की स्मार्ट सिटी कक्ष में एक मीटिंग हुई जिसमें उज्बेकिस्तान के राजदूत, महापौर नवीन जैन, नगर आयुक्त के साथ निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मीटिंग में स्मार्ट सिटी में शामिल आगरा और उज्बेकिस्तान के समरकंद शहर के बीच पिछले महीने हुई संधि और पारस्परिक पर्यटन, व्यापार के साथ शहर को विकसित किए जाने को लेकर परिचर्चा की गई।

उज्बेकिस्तान के राजदूत फरहूद ने महापौर नवीन जैन को बताया कि समरकंद शहर पर्यटन की दृष्टि से अपने देश में पहले स्थान पर है और हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित है इसलिए आप हमारे शहर को देखने के लिए आएं और जाने कि किस तरह से समरकंद शहर को विकसित करने के साथ-साथ स्मार्ट सिटी की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने महापौर नवीन जैन के समक्ष आगरा शहर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने का प्रस्ताव रखा जिसमें उन्होंने समरकंद शहर के मेयर और व्यापार जगत से जुड़े प्रमुख हस्तियों को बुलाने की बात कही।

वहीं महापौर नवीन जैन और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने उज़्बेकिस्तान को राजदूत को आगरा शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल, हेरिटेज स्मारक की जानकारी देते हुए मल्टीमीडिया प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिखाया कि आगरा शहर में भी स्मार्ट सिटी की दिशा में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि वे जल्द ही सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा बनाएंगे जिसमें आगरा और समरकंद शहर के मेयर, नगर निगम के अधिकारी और व्यापार जगत से जुड़े प्रमुख हस्तियों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा ताकि दोनों शहर ना केवल एक दूसरे की सांस्कृतिक विरासत को जाने बल्कि परस्पर पर्यटन और व्यापार क्षेत्र को बढ़ावा देने में एक दूसरे की मदद कर सकें। महापौर नवीन जैन ने एच ई फरहूद से कहा कि आगरा समरकंद के बीच जो समझौता हुआ है उससे दोनों शहरों को काफी लाभ मिलेगा।

मीटिंग के अंत में स्मृति चिन्ह के रूप में महापौर नवीन जैन को उज्बेकिस्तान के राजदूत एच ई फरहूद को प्रेम के प्रतीक ताजमहल की छोटी कृति भेंट की और दोनों शहरों के बीच इसी तरह परस्पर मेलजोल बनाए रखने की बात कही।

इस मौके पर संयुक्त नगर आयुक्त विनोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment