Home » भटके हुए युवाओं को सही राह दिखा सकते हैं स्वामी विवेकानंद के जीवन आदर्श

भटके हुए युवाओं को सही राह दिखा सकते हैं स्वामी विवेकानंद के जीवन आदर्श

by admin

आगरा। एनसीसी आर्मी विंग आगरा कॉलेज आगरा द्वारा स्वामी विवेकानंद की 157वीं जयंती के पूर्व दिवस पर आज के.डी छात्रावास में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स आगरा कॉलेज स्थित के.डी छात्रावास पर एकत्रित हुए जहां उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को धोया और आसपास सफाई की। उसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विनोद कुमार महेश्वरी एवं कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

छात्रावास में आयोजित विचार गोष्ठी में उपस्थित कैडेट्स को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ विनोद कुमार महेश्वरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद अल्पायु में ही सम्पूर्ण विश्व में भारत की धर्म ध्वजा को पुन फहरा कर उस समय विश्व के लोगों का ध्यान भारत की ओर खींचने का महत्वपूर्ण कार्य किया। एनसीसी कैडेट युवा है उन्हें अनुशासन के साथ ही स्वामी विवेकानंद के चरित्र निर्माण के संदेशों को अपने जीवन में समावेष करना चाहिए। आज जब देश के कुछ शिक्षा परिसरों से देश को तोड़ने की आवाज सुनाई देती है तब विवेकानंद जी का आदर्श ही भटके हुए युवाओं को सही राह दिखा सकता है।

कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट अमित अग्रवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं। उन्होंने छुआछूत से लेकर अंधविश्वास, देशभक्ति से लेकर अध्यात्म चरित्र व उत्तम स्वास्थ्य तक समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपने विचार एवं दर्शन का प्रभाव छोड़ा है। सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध उन्होंने पाखंडियों को सदैव ललकारा। उनके जीवन की अनेक घटनाएं आज के परिक्षेत्र में प्रत्येक भारत वासियों को प्रभावित करती है। आज जब संपूर्ण विश्व विनाश के कगार पर खड़ा है तब केवल स्वामी जी के दर्शन से ही विश्व को इस तबाही से बचाया जा सकता है।

आगरा कॉलेज के चीफ वार्डन डॉ बी.के चिकारा एवं के.डी छात्रावास के वार्डन डॉ वी.के सिंह ने विवेकानंद के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं की चर्चा करते हुए अपील की कि छात्र उनके आदर्शों के अपनाकर अपने व्यक्तित्व को प्रभावी बना सकते हैं।

गोष्ठी में तनिष्का, माथुर, वेदवती, प्रियंका, अमित, साहिल बघेल, सुषमा आदि कैडेट्स ने भी अपने विचार प्रगट किए। आभार सार्जेंट धीरज सोलंकी ने किया और संचालन कालपोल महिमा चौधरी ने किया। इस अवसर पर एसयूओ शिवानी, यूओ विश्वजीत सिकरवार, गुलफाम, वेदपाल, अजीत, लवकुश, प्राची, प्रशांत चौधरी, यश नायक, संतोष अधिक कैडेट्स ने व्यवस्थाएं संभाली।

Related Articles