Home » कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आगमन सूचना पर निष्काषित कांग्रेसियो ने किया विरोध प्रदर्शन, फिर यह जान शांत हुए

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आगमन सूचना पर निष्काषित कांग्रेसियो ने किया विरोध प्रदर्शन, फिर यह जान शांत हुए

by admin

आगरा। अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस से निष्काषित लोगों ने वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति के तत्वाधान में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का विरोध करने के लिए छीपीटोला स्थित सामुदायिक भवन पहुँच गए जहाँ समिति के सभी सदस्यों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और अजय कुमार लल्लू हटाओ काँग्रेस बचाओ, लल्लू जी वापस जाओ, कांग्रेस में घुसे दलालों को बाहर करो, राहुल गांधी को वापस लाओ नारे लगाकर जमकर प्रदर्शन किया।

निष्काषित कांग्रेसी हाथों में काले झंडे और माथे पर काली पट्टी बांधकर कांग्रेस के झंडे लेकर सभा स्थल में घुसने लगे।कांग्रेसियो के प्रदर्शन को देखकर कुछ लोग बाहर आये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम रद्द होने के साथ स्थल पर शोक सभा होने की जानकारी दी। शोक सभा होने की जानकारी होने पर कार्यकर्ता शांत हुए और वापस लौटे।

वरिष्ठ काँग्रेस जन संघर्ष समिति आगरा के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा बित्थरिया ने आक्रोशित लहजे में कहा कि जहाँ उ प्र में वनवास झेल रही कांग्रेस का कुनबा बढ़ाने की बात होनी चाहिए थी लेकिन यहां निष्ठावान और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा असंवैधानिक रूप से निकाला जा रहा है। कहीं ऐसा तो नहीं प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विरोधी पार्टियों से कांग्रेस को कमजोर करने की सुपारी ले ली हो।

भानु भदौरिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का कार्यक्रम आगरा के संघर्षशील कार्यकर्ता के रोष के चलते रद्द हुआ है। उनमें हम जैसे संघर्ष करने वाले लोगों से सामना करने की हिम्मत नहीं थी। इसलिए डरकर उन्होंने कार्यक्रम रद्द कर दिया है। उनका कहना था कि हाईकमान द्वारा ऐसे नासमझ व्यक्ति को प्रदेश की कमान सौंपी है जिसमें सभी को साथ लेकर नेतृत्व करने के गुण ही नहीं हैं।

मीडिया प्रभारी नदीम नूर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने आगरा के संघर्षशील कार्यकर्ताओं को असंवैधानिक रूप से निकालकर कांग्रेस के संविधान को ही रौंदने का काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जो लंबे समय से आगरा कांग्रेस के जो स्तम्भ थे उनको ही बाहर निकाल दिया तो निश्चित रूप से छत तो भरभराकर गिरेगी ही। प्रदेश अध्यक्ष जिस डाल पर बैठे हैं उसी डाल को उनके द्वारा काटने से उनकी मंशा स्पष्ट हो रही है कि वो कितने कांग्रेस के हितैषी हैं।

महिला नेत्री रेखा मल्होत्रा, प्रभलीन कौर, इरफान कुरैशी, एस पी माथुर, नदीम ठेकेदार, मोहसिन काजी आदि ने कहा कि जहां एक ओर हमें बीजेपी की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना चाहिए था लेकिन प्रदेश अध्यक्ष की वजह से हमें आपस में ही लड़ाने का षड्यंत्र लल्लूजी और प्रभारी रोहित चौधरी की ओर से किया जा रहा है।

इस अवसर पर संजय शर्मा, भानु भदौरिया, नदीम नूर , पण्डित अनिल कुमार शर्मा, इरफान कुरैशी, नदीम ठेकेदार, शफीक भाई, मोहसिन काजी, नीरज शर्मा, शिवम अग्रवाल, इसरार भाई, हाशिम, एस पी माथुर, रेखा मल्होत्रा, प्रभलीन कौर, सागर, मौजूद रहे।

Related Articles