Home » सफ़ाई करते वक़्त जहरीले कीड़े ने काटा, एसएन में भर्ती सफाईकर्मी

सफ़ाई करते वक़्त जहरीले कीड़े ने काटा, एसएन में भर्ती सफाईकर्मी

by admin

आगरा। शहर भर में सफाई कार्यों को अंजाम देने वाले नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ सफाई के दौरान होने वाली घटनाओं में कमी नही आ रही है। ऐसा ही एक वाकया सोमवार को सिकंदरा आवास विकास क्षेत्र सेक्टर 7 में हुआ। सेक्टर 7 में सफाई कार्य को अंजाम दे रहे सुभाष जब क्षेत्र में झाड़ियां काटने का कार्य कर रहा था तभी झाड़ियां काटने के दौरान उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया है। सफाई कर्मचारी की स्थिति बिगड़ता देख साथी कर्मचारियों ने सुभाष को आनन-फानन में इमरजेंसी में भर्ती करा दिया जहां उसका उपचार चल रहा है। इस घटना की सूचना पर सुभाष के परिवारी जन और नगर निगम कर्मचारी नेता भी एसएन पहुँच गए। इस घटना को लेकर निगम के कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर निगम की उदासीनता पर कई सवाल खड़े किए।

एसएन हॉस्पिटल पहुँचे सफाई कर्मचारी सुभाष के भाई ने अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं दी। उनका कहना था कि नगर निगम अधिकारियों द्वारा सफाई कर्मचारियों पर अनैतिक दबाव बनाकर बिना सुरक्षा उपकरणों के नालों व सीवर की सफाई के साथ घनी झाड़ियों को कटवाने का कार्य किया जा रहा है। इससे साफ है कि निगम अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई सरोकार नही है।

घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही अपर नगर आयुक्त के बी सिंह एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अपर नगर आयुक्त केबी सिंह ने पीड़ित सुभाष से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। मौजूद डॉक्टरों से सुभाष के स्वास्थ्य के बारे में पूछा और इलाज में किसी तरह की कोताई न होने की बात कही।

सुरक्षा उपकरणों को लेकर अपर नगर आयुक्त के बी सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण वितरित कर दिए गए हैं लेकिन मनमानियां के चलते वह इसका इस्तेमाल नहीं करते हैं। निगम जल्द ही इस पर मॉनिटरिंग कराएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि सफाई कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों के साथ ही नालों, सीवर और झाड़ियों की सफाई करेगा।

Related Articles