आगरा। डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 86 वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को हुआ। इस समारोह में 69 छात्रों को 109 पदक वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी मेधावियों को पदक बांटे। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने टीवी से ग्रसित बच्चों को स्कूल बैग भी बांटे।
डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दीक्षांत समारोह शुरू हुआ। इसमें 69 छात्र-छात्राओं को 109 पदक प्रदान किए गए। इसमें 95 स्वर्ण और 14 रजत पदक हैं। 93 छात्र-छात्राओं को एमफिल और आठ को डी-लिट की उपाधि दी गई। गोल्डन गर्ल शिवानी सिंह को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 12 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल प्रदान किया। दीक्षांत समारोह के मंच पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल साथ में विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय और परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव मौजूद रहे।
एक बार फिर छात्राओं ने मारी बाजी
आगरा विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह में भी छात्राओं का जलवा रहा। 109 में से 74 पदक छात्राओं के खाते में आए। जबकि छात्रों को 35 पदक ही मिले। सर्वाधिक 13 पदक एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस फाइनल प्रोफेशनल (सत्र 2019-20) की छात्रा शिवानी सिंह को प्रदान किए गए।