Agra. रविवार को बमरौली कटारा गांव में उड़न खटोले से गांव का ही एक युवक अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुँचा। उड़न खटोले से आई दुल्हन को देखने के लिए गांव के लोग एकत्रित हो गए। जैसे ही नई दुल्हन हेलीकॉप्टर से उतरी तो समाज के लोगों ने नई दुल्हन का जोशीला स्वागत किया। उससे पहले दूल्हा-दुल्हन ने आसमान से लोगों के ऊपर फूल और नोट बरसाए। बताया जाता है कि फिरोजाबाद से उड़नखटोले (हेलीकॉप्टर) पर सवार होकर दुल्हन ससुराल पहुंची।
बताया जाता है कि थाना डौकी क्षेत्र के बमरौली कटारा गांव में रहने वाले ईश्वरी प्रसाद के पोते शुभम वर्मा की शादी फिरोजाबाद निवासी विष्णु प्रिया पुत्री सुभाष चंद्र के साथ शनिवार रात हुई थी। सुबह रस्मों की अदायगी के बाद फिरोजाबाद से परिजनों द्वारा हेलीकॉप्टर में बिठा कर नव दंपति को विदा किया गया।
दूल्हे शुभम वर्मा के अनुसार परिवार के लोग सविता समाज से ताल्लुक रखते हैं और समाज के उत्थान के लिए प्रयासरत रहते हैं। शुभम की इलेक्ट्रिक बाइक की एजेंसी है। शुभम ने बताया कि हमारी इच्छा थी की शादी औरों से कुछ अलग हो। इसके लिए दोनों परिवारों में बातचीत हुई और फिर दोनों शहरों के प्रशासन से अनुमति ली गयी और विदाई के लिए हेलीकॉप्टर बुक किया गया।

शुभम के परिवारीजन ने बताया की हमने पहले से तैयारी कर रखी थी और हेलीकॉप्टर में काफी मात्रा में फूल रखवाए गए थे। आसमान से जब सविता समाज के लोग हमारा स्वागत कर रहे थे तो उनके अभिवादन के लिए दूल्हा-दुल्हन द्वारा दस-दस रुपये के नोट और फूल बरसाए गए।
उड़नखटोले से जैसे ही दुल्हन उतरी तो उसका गांव में जोरदार स्वागत किया गया। बताया जाता है कि गांव में सविता समाज की यह पहली शादी है जिसमें दुल्हन हेलीकॉप्टर से विदा होकर अपनी ससुराल आई है।