आगरा। आगरा कॉलेज के वर्तमान प्राचार्य डॉ विनोद माहेश्वरी 25 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नए प्राचार्य की नियुक्ति के लिए आगरा कॉलेज की प्रबंध समिति की बैठक आज बुधवार की हुई जिसमें सर्वसम्मति से कॉलेज की वरिष्ठ शिक्षिका डॉ रेखा पतसारिया को आगरा कॉलेज की प्राचार्य नियुक्त किया गया। डॉ रेखा पतसारिया वर्तमान में आगरा कॉलेज के हिंदी विभाग में अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। 24 जुलाई को वह आगरा कॉलेज प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण करेंगी।
बताते चलें कि आगरा कॉलेज में वरिष्ठतम और अहर्ता को देखते हुए नए प्राचार्य की नियुक्ति की जाती है। नियुक्ति से पहले प्रबंध समिति द्वारा 3 नाम मांगे जाते हैं। इस बार प्राचार्य पद के लिए जिन तीन नामों का चयन किया गया था उनमें डॉक्टर रेखा पतसारिया के अलावा डॉ एस के मिश्रा रसायन विभागाध्यक्ष और डॉ अजय कपूर जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष के नाम शामिल थे। क्योंकि डॉ रेखा कॉलेज की सबसे वरिष्ठतम शिक्षिका के साथ अहर्ता पर पूर्ण खरी उतरी थी, इसलिए सर्वसम्मति से प्राचार्य पद के लिए उनके नाम पर मुहर लगाई गई।
डॉ रेखा पतसारिया का परिचय –
जन्म -आगरा कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं प्रख्यात साहित्यकार डॉ रामगोपाल सिंह चौहान के जमीदार परिवार में जन्म हुआ। मूल रूप से आगरा की निवासी हैं। प्रारंभ से ही परिवार में साहित्यकार विभूतियों का सानिध्य मिला। चचेरे भाई पदमश्री डॉ लाल बहादुर सिंह चौहान एवं चाचाजी डॉ शिवदान सिंह चौहान, हंस पत्रिका के संपादक जैसी साहित्यकार विभूतियों का बाल्यकाल से ही सानिध्य प्राप्त हुआ।
शैक्षिक अनुभव – 1980 में हिंदी से M.A. किया। 1987 में केएमआई के निदेशक डॉ विद्यानिवास मिश्र के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूर्ण किया। 15 सितंबर 1983 को आगरा कॉलेज के हिंदी विभाग में प्रवक्ता के पद पर अध्यापन कार्य प्रारंभ किया
उपलब्धियां – अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र एवं पत्रिकाओं में लेख प्रकाशित हो चुके हैं। अब तक उनकी तीन पुस्तक छपी हैं, जिनमें कहानी संग्रह ‘सिर्फ एक दिन अपने लिए” अभी कुछ समय पूर्व ही प्रकाशित हुई है। आप विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं रंगकर्म से सक्रिय रुप से जुड़ी हुई हैं। कॉलेज की विभिन्न समितियों प्रानुशासक मंडल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति, पत्रिका वाणी का संपादन आदि महाविद्यालय के कार्यों में निरंतर सक्रिय योगदान प्रदान किया है। प्रख्यात रंगकर्मी एवं साहित्यकार विनय पतसारिया की धर्मपत्नी हैं।