Home » बढ़ते अपराध और दयनीय किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

बढ़ते अपराध और दयनीय किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

by admin

मथुरा। देशभर में बड़े बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं और किसानों की समस्याओं का केवल टीवी चैनलों के माध्यम से प्रसारित कर ढोल पीटा जा रहा है। लेकिन वास्तव में धरातल पर किसानों के लिए कुछ नहीं हो रहा है। किसान कर्ज से पीड़ित है और सरकारी योजनाओं का लाभ नही मिल रहा है। यह कहना है पूर्व पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर उपाध्याय और कांग्रेस पीसीसी सदस्य यामिनी रमन आचार्य का।

प्रदेश में बढ़ते अपराध और किसानों की दयनीय स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। इस धरने में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। कांग्रेसियों का कहना है कि देश का प्रत्येक वर्ग महंगाई की मार से परेशान है। जीडीपी घटकर 4.5 प्रतिशत रह गई है। रिजर्व बैंक से भी रुपया उठा लिया गया है जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर पर जीडीपी 9.0 प्रतिशत रही है।

कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं का कहना था कि प्रदेश में जंगल राज चल रहा है। कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। हत्या, लूट और बलात्कार आम बात हो गई है। आम जनता में भय का वातावरण है। व्यापारी भय के कारण व्यापार नही कर पा रहा है। बेटियां किसी अनहोनी के कारण घर से निकल नही पा रही है। बेटियों में असुरक्षा की भावना होने लगी है लेकिन प्रदेश सरकार को इससे कोई सरोकार नही है।

निवर्तमान महानगर अध्यक्ष आबिद हुसैन ने किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उनका कहना था कि सरकार की उदासीनता और आश्वासन के कारण किसानों का जीवन दयनीय बन गया है। निराश व हताश होकर किसान आत्महत्या कर रहे हैं जो कि सरकारों के लिए शर्म का विषय है। गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान और व्यापारी वर्ग के साथ-साथ समाज के सभी वर्ग सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण त्राहि-त्राहि कर रहे हैं लेकिन सरकार को सिर्फ अपने हित साधने से मतलब है।

Related Articles