Home » कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ़्तारी के विरोध में कांग्रेस मोदी-योगी सरकार के ख़िलाफ़ चलाएगी अभियान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ़्तारी के विरोध में कांग्रेस मोदी-योगी सरकार के ख़िलाफ़ चलाएगी अभियान

by admin

आगरा। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में काँग्रेस कार्यकर्ता मोर्चा खोलने जा रहे है। काँग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में गांव गांव, गली व मोहल्लों में जाकर मोदी-योगी सरकार के विरुद्ध अभियान चलाएंगे जिसकी जानकारी शहर कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ कृष्णवीर कौशल के निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के माध्यम से दी।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश के पूर्व कृषि व शिक्षा मंत्री डॉ कृष्ण वीर सिंह कौशल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को राजनैतिक षडयंत्र के तहत गिरफ्तार कराया है जो कि निंदनीय है। डॉ कौशल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकारें जिस प्रकार से लॉकडाउन में राहत आपदा, क्वारन्टीन केन्द्रों में व्यवस्था प्रबंध करने में नाकाम रही है और फिर भी बेशर्मी की सारी सीमाएं तोड़ कर झूठा, भ्रमित प्रचार कर रही है, उसे जनता अब भली भांति समझ चुकी है।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने जिस प्रकार से फर्जी मुकदमा बनाकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार किया है यही घटना आगे जाकर बीजेपी की केन्द्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार के लिए घातक व सत्ता के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। शहर अध्यक्ष ने बताया कि योगी सरकार की इस राजनैतिक प्रतिद्वंता के विरोध में गांव गांव व शहर मोहल्लों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

शहर अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सड़कों पर चल रहे उ प्र के लाखों गरीब मजदूरों की गिनती नहीं कर पा रहे हैं, जो कि रोजाना हजारों किलोमीटर पैदल चल कर सड़क नाप कर भूखे प्यासे छोटे बच्चों के साथ मर रहे हैं, लेकिन वह कांग्रेस की बसों की गिनती, फिटनेस देख रहे हैं, जोकि कांग्रेस ने इन गरीब असहाय लाचार मजदूरों को घर वापसी के लिए प्रदेश सरकार को देने की पेशकश की थी, लेकिन कांग्रेस को इसका लाभ न मिल जाए, इस ओछी व सस्ती मानसिकता के कारण योगी सरकार ने सिर्फ राजनैतिक षडयंत्र के तहत लल्लू भैय्या को झूठे व निराधार आरोप लगा कर गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद बंसल ने बीजेपी से पूछा कि वह जनता को बताएं कि उन्होंने कितने श्रमिकों की मदद की, लॉकडाउन में इलाज के अभाव में मरने वाले व्यापारी, मासूम बच्चों के परिजनों को क्या आर्थिक सहायता प्रदेश सरकार ने की व इसके लिए दोषी लोगों के विरुद्ध क्या कार्यवाही की।

प्रवक्ता शहर कांग्रेस आई.डी. श्रीवास्तव ने कहा कि पूरे देश व प्रदेश में लॉकडाउन में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस जनों द्वारा किए गए सेवा कार्यों व बीजेपी की लॉक डाउन में जनता की घोर अनदेखी, जानबूझ कर लापरवाही, व दिए गए कष्टों को लेकर गांव गांव, गली मोहल्लों में जनता के बीच जाएंगे व अभियान चलाकर आगे आने वाले समय में सड़कों पर उतर कर जनता की लड़ाई लड़ेंगे।

पत्रकार वार्ता में पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, नंदलाल भारती, अजहर वारसी, विनोद जरारी, आई डी श्रीवास्तव, ताहिर हुसैन, मो. हबीब कुरैशी, अनुज शर्मा, भगवान दास, सूरज भान, ओम हरि आनन्द, सोनू सक्सैना आदि उपस्थित थे।

Related Articles