Agra. पूर्व सांसद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता निहाल सिंह जैन का आज लम्बी बीमारी के बाद रेनबो हॉस्पिटल में देर रात्रि निधन हो गया। उनके निधन से कांग्रेसियों में शोक की लहर है। कांग्रेस के पूर्व सांसद के निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता उनके निज निवास पहुँचने लगे
1980 से 1989 तक रहे सांसद
निहाल सिंह जैन 1980 से 1989 तक आगरा से कांग्रेस के लोकसभा सांसद रहे, इससे पूर्व इनके बाबा सेठ अचल सिंह 1952 से 1977 तक लगातार लोकसभा के कांग्रेस सांसद रहे।निहाल सिंह जैन शहर कांग्रेस कमेटी के भी 10 साल तक अध्यक्ष रहे। उन्होंने पार्टी की कमान संभालते हुए पार्टी को मजबूत बनाया, साथ ही आम जनमानस को कांग्रेस से जोड़ा। गरीब लोगों को कांग्रेस की नीतियों और योजनाओं से लाभान्वित किया था।
सेठ अचल सिंह व निहाल सिंह जैन के मोतीलाल नेहरू से लेकर जवाहर लाल नेहरू, इन्दिरा गांधी, राजीव गांधी व सोनिया गांधी जी से काफी अटूट पारिवारिक रिश्ते रहे। अमेठी में राजीव गांधी के पहले लोकसभा चुनाव में निहाल सिंह जैन को पूरे संसदीय क्षेत्र का बूथ प्रबंधन का कार्य सौपा गया था।
मृत्यु उपरांत नेत्रदान
निहाल सिंह जैन के धर्म पत्नी नीलम जैन के साथ विवाहित दो पुत्र, एक पुत्री है। निहाल सिंह जैन के चाचा प्रद्युमन सिंह राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष व भतीजे रोहित बोहरा कांग्रेस से विधायक हैं। निहाल सिंह जैन जाते-जाते एक और पुनीत कार्य करके गए हैं। उन्होंने अपनी मृत्यु के पश्चात नेत्रदान का संकल्प पहले ही ले लिया था। यानी अब उनके नेत्रों से किसी और को रोशनी मिलेगी।