आगरा। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पहली बार बड़े स्तर पर बाबुओं के पटल बदले गए हैं। भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर राज्यपाल द्वारा चेतावनी देने के बाद कुलपति ने बड़ा एक्शन लिया है। इससे विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया है। कई बाबू तो ऐसे थे, जिन्हें एक ही पटल पर 10 साल से अधिक समय हो चुका था।
डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल द्वारा भ्रष्टाचार और गड़बड़ी करने वालों को चेतावनी देने के बाद कुलपति ने बड़ा एक्शन लिया है। कुलपति ने 98 बाबुओं के पटल बदल दिए हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आगरा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मंच से शिक्षकों की क्लास ली थी। उन्होंने कहा था कि विश्वविद्यालय में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्यपाल के कडे़ रूख के दो दिन बाद ही विश्वविद्यालय में कुलपति ने सालों से एक ही पटल पर जमे बाबुओं की बदली की लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट जारी होने के बाद विश्वविद्यालय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। ऐसा पहली बार हुआ है कि इतने बड़े स्तर पर बाबुओं के विभागों में फेरबदल किया गया है। चारों ओर इसकी चर्चा हो रही है। इससे पहले किसी कुलपति ने ऐसा फैसला नहीं लिया था। फेरबदल की सूची जारी होने के बाद हर कोई सिफारिश से लगाने में लगा है।