आगरा। शनिवार सुबह एक नाइजीरियन छात्र ने जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर चार पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा काटा। नाइजीरियन छात्र चौकी का सामान इधर उधर फेंकने लगा। यह दृश्य देख पुलिस भी हक्काबक्का रह गयी। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बाद में किसी तरह पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराया और थाने पर लेकर आई।
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक प्रवींद्र कुमार ने बताया कि छात्र नाइजीरिया का रहने वाला है। वह एक अपार्टमेंट में किराए पर रहता है। उसने कुछ माह का किराया नहीं दिया था। इस पर मकान मालिक ने उसे नोटिस जारी किया था। इससे ही वह परेशान है।
मामले में एलआईयू की मदद ली जा रही है। दूतावास को सूचना दी जाएगी। छात्र के साथ एक और छात्र रहता है। उससे बात की गई थी। बता दें कि आगरा के जगदीशपुरा और सिकंदरा की आवास विकास कॉलोनी में बड़ी संख्या में नाइजीरियन छात्र रहते हैं।