आगरा। रविवार को सूर्योदय के समय ताजमहल में पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा। ताजमहल में डेढ़ घंटे के लिए तो आगरा किले में लगभग साढ़े 3 घंटे के लिए पर्यटकों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। क्योंकि डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन (Denmark PM Mette Frederiksen) शनिवार शाम को आगरा आ रही है। उनका रविवार को ताजमहल और आगरा किला विजिट का कार्यक्रम रखा गया है। वीआईपी विजिट के चलते दोनों स्मारकों में पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन (Denmark PM visit Agra) रविवार को ताजमहल और आगरा किला को देखने आ रही हैं। डेनमार्क की एडवांस टीम सुरक्षा और विजिट की तैयारियों को लेकर दो दिनों से ताजमहल और आगरा किला की विजिट कर चुकी है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एएसआई ने वेबसाइट पर ताजमहल और आगरा किला के पर्यटकों के प्रवेश के लिए बंद होने की समय की जानकारी स्क्रॉल के माध्यम से दी है जिसके अनुसार ताजमहल सूर्योदय से सुबह 7:30 बजे तक और आगरा किला 7:30 बजे से 10:00 बजे तक बंद रहेगा। इस अवधि में कोई भी पर्यटक स्मारक में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
डेनमार्क के प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए आगरा प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनका प्लेन आगरा खेरिया मोड़ एयरपोर्ट पर उतरेगा, जहां से सड़क मार्ग द्वारा ताजमहल ले जाया जाएगा। ताजमहल में प्रवेश से पहले विभिन्न कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर डेनमार्क के प्रधानमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा।