Home » फ्रांसीसी जोड़े ने आगरा के होटल में हिन्दू रीति रिवाज़ से रचाई शादी, लिए सात फेरे

फ्रांसीसी जोड़े ने आगरा के होटल में हिन्दू रीति रिवाज़ से रचाई शादी, लिए सात फेरे

by pawan sharma

आगरा. 26 दिसम्बंर 2023। विदेशी लोगों में भारतीय संस्कृति के प्रति लगातार लगाव बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि सात समंदर पार से कई जोड़े भारतीय संस्कृति के अनुसार शादी रचाकर वैवाहिक बंधन में बंध रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बीती रात सोमवार को देखने को मिला। फ्रांस से आये एक जोड़े ने एक होटल में हिन्दू रीति रिवाज से शादी की।

बताते चलें कि फ्रांस से एक पर्यटक जोड़ा क्रिसमस पर ताजमहल देखने आया था। ये जोड़ा पूर्व में प्रेम विवाह कर चुका था। 31 साल के इस्केंडर और 29 साल की बासमा पेरिस में नौकरी करते हैं। बासमा ने अपने प्यार को कई जन्मों तक का साथ देने की इच्छा जताई थी। तब इस्केंडर ने इंटरनेट पर सर्च कर दोबारा शादी करने के लिए उपयुक्त जगह की तलाश की। उन्हें पूरी दुनिया में सनातन धर्म और आगरा से बेहतर जगह नहीं मिली। दोनों भारत भ्रमण पर आए और आगरा में एक निजी होटल संचालक से संपर्क कर अपनी इच्छा से अवगत कराया।

होटल संचालक जावेद ने किनारी बाजार से शादी के परिधान शेरवानी, दूल्हे की पगड़ी और दुल्हन की साड़ी व ज्वैलरी की खरीदारी करवाई। ताजगंज के रहने वाले पंडित सूरज शर्मा ने शादी में पुरोहित बनने की जिम्मेदारी उठाई। मंडप सजाकर अग्नि के सात फेरे दिलाए और अंग्रेजी में सातों वचन दिलवाए। विदेशी दूल्हे ने मांग भरकर पत्नी के गले में मंगलसूत्र पहनाया। शादी होने के बाद फ्रांसीसी जोड़ा बेहद खुश नजर आया और दोनों ने सात जन्मों तक एक दूसरे का साथ देने का वादा किया।

Related Articles

Leave a Comment