आगरा। इस समय भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर को लेकर खींचतान चल रही हो लेकिन इस बीच पाकिस्तान सरकार की ओर से सिख समाज के लोगों को श्री गुरुद्वारा ननकाना साहिब आने का न्योता मिला है। पाकिस्तान सरकार ने अकाली दल के प्रधान परमजीत सिंह और हरविंदर सिंह सरना को यह निमंत्रण भेजा गया है जिसके बाद से सिख समाज के लोगों में अलग ही उत्साह है।
श्री गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के जाने वाली संगत के जत्थे में आगरा शहर का जत्था भी शामिल होगा। आगरा से 41 श्रद्धालु हरपाल सिंह और श्याम भोजवानी के नेतृत्व में गुरुद्वारा ननकाना के लिए रवाना होंगे जिसकी जानकारी एक प्रेसवार्ता के दौरान दी गयी।
गुरुद्वारा नॉर्थ ईदगाह में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हरपाल सिंह और श्याम भोजवानी ने बताया कि 10 सितंबर को आगरा से जाने वाली जत्थे के श्रद्धालु गुरुद्वारा गुरु का ताल एकत्रित होंगे जहाँ संत बाबा प्रीतम सिंह श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे अरदास कर इस जत्थे को श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के लिए रवाना करेंगे। 11 सितंबर सुबह 6:00 बजे इंदौर अमृतसर एक्सप्रेस से आगरा कैंट से जत्था रवाना होगा और रात्रि को दरबार साहिब अमृतसर पहुंचेगा। 12 सितंबर को दरबार साहिब के दर्शन के बाद 13 सितंबर को अकाल तख्त श्री दरबार साहिब अमृतसर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास के बाद यह जत्था श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।
गुरमीत सिंह ने बताया कि पाकिस्तान सरकार द्वारा अकाली दल के प्रधान परमजीत सिंह और हरविंदर सिंह सरना को ननकाना साहिब आने का निमंत्रण भेजा है। इस निमंत्रण के बाद हजारों की संख्या में संगत जाएगी। पाकिस्तान सरकार ने सभी को सुरक्षा का आश्वासन दिया है। सभी लोग 13 से 19 सितंबर तक करतारपुर लाहौर सियालकोट की गुरुद्वारे में संगत हाजिरी भरेगी। पाकिस्तान सरकार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एक सितंबर से वीजा दिया जा रहा है। वहीं प्रकाश पर्व पर भारत और पाकिस्तान सरकार द्वारा यह फैसला लिया जा रहा है कि बिना वीजा के संगत को दर्शन कराया जाएगा इस मौके पर सिंह सुखविंदर सिंह मनमोहन सिंह रविंद्र सिंह सिमरजीत कौर मौजूद रहे।