Agra. सरकार से अपनी मांगों पर अड़े किसानों का अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। वहीं देश भर के किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएंगी तब तक यह आंदोलन अनवरत रूप से चलता रहेगा और पूरे देश के नाके, टोल प्लाजा और हाईवे को जाम कर दिया जाएगा। आक्रोशित किसानों ने साफ कर दिया है कि अगर सोमवार तक मांगे नहीं मानी गई तो 8 दिसंबर मंगलवार को पूरे देश के किसान भारत बंद कर चक्का जाम कर देंगे।
किसानों के अल्टीमेटम के बाद सरकार ने छठवीं बार वार्ता शुरू की है। इससे पहले किसानों के साथ में सरकार पांच बार वार्ता कर चुकी है जिसमें अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। देश भर के किसान एक बार फिर सड़कों पर नजर आने लगे हैं तो वहीं उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। रविवार को आगरा से फिरोजाबाद जाने वाले मार्ग को आक्रोशित किसानों ने मार्ग को पूर्ण तरीके से अवरुद्ध कर दिया। नेशनल हाईवे सहित यमुना एक्सप्रेस वे पर भी किसानों ने कब्जा कर लिया जिससे हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों के पहिए थम गए। छलेसर एत्मादपुर और ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को डाइवर्ट करने के लिए कवायद शुरू कर दी। चार पहिया और दो पहिया वाहनों को ही केवल शहर में जाने की एंट्री दी जा रही है।
दिल्ली, गाजियाबाद, मथुरा में किसान आंदोलन को देखते हुए हर जगह पुलिस अलर्ट है तो वहीं वाहनों की लंबी-लंबी लाइनों में फंसे मुसाफिर और अपने गंतव्य तक जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।