Home » भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ जोरदार प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी भूले कायदे-नियम, प्रशासन कर सकता है कार्यवाई

भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ जोरदार प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी भूले कायदे-नियम, प्रशासन कर सकता है कार्यवाई

by admin

आगरा। गुरुवार को जिला एवं शहर कांग्रेस पार्टी ने मिलकर संयुक्त रूप से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में हो रही वृद्धि के लिए मोदी सरकार और 69 शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर योगी सरकर के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर व जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शहीद स्मारक पहुँच गए और हाथों में महंगाई, पेट्रोल डीज़ल की बड़ी कीमतों व 69 हजार शिक्षक भर्ती में हुए भ्रष्टाचार के पोस्टर व बैनर लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। चारों तरफ मोदी-योगी मुर्दाबाद के नारे लग रहे थे। कांग्रेसियों के प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच गए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कांग्रेसियों को समझाया और ज्ञापन लेकर प्रदर्शन खत्म कराया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पेट्रोल व डीज़ल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। पेट्रोल व डीज़ल के बीच कीमतों के फासला भी न के बराबर हो गया है। इससे महंगाई बढ़ रही है, किसान परेशान है लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। वहीं 69 हजार शिक्षक भर्ती भी भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार से मुक्त नहीं रह पाई। गुरुवार को इन्ही मुद्दों को लेकर शहीद स्मारक पर जमकर प्रदर्शन किया गया। भारी संख्या में कांग्रेसी जमा हुए और हाथों में पोस्टरों को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ता सोशल डिस्टेंसिग का पालन करना भी भूल गए। इस दौरान एसीएम चतुर्थ विनोद जोशी को कांग्रेसियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और पेट्रोल व डीज़ल की बड़ी कीमतों को वापस लेने व 69 शिक्षक भर्ती मामले में निष्पक्ष कार्यवाही की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने अपने चुनावी वादों में से एक भी वादा पूरा नही किया बल्कि जनता की कमर तोड़ने का काम किया है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। भ्रष्टाचार मुक्त सरकार कहने वाली भाजपा में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। शिक्षा विभाग में भी घोटाले हो रहे है लेकिन सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। पेट्रोल डीज़ल की कीमतें आसमान छू रही है लेकिन सरकार को देश की जनता से कोई सरोकार नहीं है।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने कहा कि मोदी योगी सरकार दोनों ही भ्रष्टाचार की फैक्ट्री बन गई हैं। शिक्षक घोटाला, पशुपालन घोटाला इसके ताजा उदाहरण हैं। लागातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं लेकिन कार्यवाही नही हो रही है। अब तो मोदी सरकार गरीबों का मुँह से निवाला भी छीनना चाहती है। एक तरफ कोरोना में मदद की बात करती है दूसरी ओर लगातार पेट्रोल व डीज़ल की कीमतों में वृद्धि कर महंगाई बड़ाई जा रही है जिससे हर आम व्यक्ति परेशान है। शहर अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की आवाज़ को दबाने की कोशिश की जा रही है, वह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं हैं।

ज्ञापन लेने पहुंचे एसीएम विनोद जोशी ने बताया कि कांग्रेस द्वारा किये गए इस प्रदर्शन की प्रशासन से कोई अनुमति नही ली गयी थी, साथ ही प्रदर्शन करने के दोरान सोशल डिस्टेंसिग का भी पालन नही किया गया है जिसमें कानूनी कार्यवाही की जाएगी। जो ज्ञापन दिया गया है उसे जिला अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल महोदय को पहुँचाया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस नेत्री शबाना खंडेलवाल, अशोक शर्मा, नंदलाल भारती, गीता सिंह, आई डी श्रीवास्तव, राजीव गुप्ता, हबीब कुरैशी, कपिल गौतम, शिल्पा दीक्षित, गीता सिंह, अजहर वारसी, अहमद हसन, समीक्षा दीक्षित आदि मौजूद रही।

Related Articles