आगरा। कोविड-19 महामारी का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है और अब मानसून भी शहर में दस्तक देने वाला है। बारिश होने के बाद बैक्टर जनित रोग मलेरिया और डेंगू का प्रसार होने का खतरा बढ़ जाता है। इसको रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान/दस्तक अभियान चलाया जायेगा। इस बार यह अभियान कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आर. सी. पाण्डेय ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। कोविड-19 के कारण इस बार अभियान के दौरान फ्रण्टलाइन वर्कर्स न तो किसी का दरवाज़ा छुऐंगे और न ही कुंडी खटखटाएंगे, बस सन्देश और स्टीकर के ज़रिये ही अभियान का प्रचार प्रसार किया जायेगा। इस अभियान में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को भी शामिल किया है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान संचारी रोग नियन्त्रण अभियान के साथ कोरोना संक्रमण के प्रति भी लोगों को जागरूक बनाया जाएगा। संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का मुख्य का उद्देश्य मच्छर जनित रोग एवं संक्रामक रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के बारे में आशा कार्यकर्ता लोगों को घर घर जाकर जागरूक करेंगी।
इस अभियान के दौरान किसी भी तरह की रैली और बैठक का आयोजन नहीं होगा। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग, हाथों की धुलाई और मास्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिससे स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए लोगों को मलेरिया एवं कोरोना से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक कर सके। उन्होंने बताया कि अभियान में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग, शिक्षा एवं नगर निगम, कृषि विभाग, पशु पालन विभाग सहित दस विभाग सम्मिलित कार्य योजना के अनुरूप कार्य करेंगे जिसकी साप्ताहिक समीक्षा भी होगी। इस अभियान को लेकर ग्राम प्रधान अपनी ग्राम सभा के नोडल होंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी आर. के. दीक्षित ने जन समुदाय से अपील करते हुए कहा कि जनपद में रहने वाले सभी नागरिकों का यह कर्तव्य बनता है कि सभी लोग अपने घरों के अंदर व आस पास साफ़ सफाई रखें, पानी का जमाव न होने दें और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें।