मून ब्रेकिंग। राजस्थान के उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। कांग्रेस के प्रत्याशियों ने तीनों सीटों पर भाजपा को उसी के गढ़ में पटखनी दी है। कांग्रेस की इस बड़ी जीत से राजस्थान के साथ साथ पूरे देश में कांग्रेसी जश्न मना रहे हैं तो वही राजस्थान में भाजपाइयों ने हार पर मंथन करना शुरु कर दिया है।
अलवर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार करण सिंह यादव ने भाजपा के जसवंत सिंह यादव को 1,56,319 वोट से हरा दिया है तो वहीँ अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार विवेक धाकड़ ने भाजपा के शक्ति सिंह को 12,976 मतों से हरा दिया है। अजमेर में कांग्रेस के रघु शर्मा को भाजपा के राम स्वरूप लांबा से चुनौती मिल रही थी।
राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं का कहना है कि इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बड़ा है। इस जीत का असर अगले साल होने वाले लोकसभा के चुनावों पर देखने को मिलेगा।
पश्चिम बंगाल में भी भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने नोआपारा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली। नोआपारा विधानसभा सीट पर तृणमूल के सुनील सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के संदीप बनर्जी को 63,000 से ज्यादा मतों से मात दी। उलुबेरिया लोकसभा सीट पर तृणमूल की सजदा अहमद ने भाजपा के अनुपम मलिक से 4,07,270 मतों से हरा दिया।