Home » आगरा : रिवॉल्वर के साथ इंस्टा वीडियो शेयर करने वाली महिला कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफ़ा मंजूर

आगरा : रिवॉल्वर के साथ इंस्टा वीडियो शेयर करने वाली महिला कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफ़ा मंजूर

by admin
Agra: Woman constable Priyanka Mishra's resignation accepted for sharing Insta video with revolver

इंस्टाग्राम पर रिवॉल्वर के साथ वीडियो अपलोड कर रातों रात सुर्खियों में आईं महिला पुलिस कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा आज रविवार को स्वीकार कर लिया गया है। महिला कांस्टेबल लाइन हाजिर होने के बाद पुलिस लाइन में ही ड्यूटी कर रही थीं।

उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली प्रियंका मिश्रा वर्ष 2020 में पुलिस कांस्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। झांसी में ट्रेनिंग के बाद इसी वर्ष आगरा के एमएम गेट थाने में पहली तैनाती मिली थी। इस दौरान उन्होंने वर्दी में रिवाल्वर के साथ एक वीडियाे बनाया था। इसमें वह रिवॉल्वर के साथ एक डायलाग पर लिप्सिंग करती दिखी थीं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसके बाद आगरा एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया था।

प्रियंका मिश्रा के लाइन हाजिर होने के बाद इंस्टाग्राम पर तमाम लोग कमेंट करने लगे। इंटरनेट मीडिया पर कमेंट और ट्रोलिंग से परेशान होकर प्रियंका ने 31 अगस्त को एसएसपी मुनिराज को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद प्रियंका छुट्टी पर चली गईं। नौ सितंबर को उन्होंने पुलिस लाइन में आमद करा ली। रविवार को भी प्रियंका ने पुलिस लाइन में ड्यूटी की।

एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि महिला कांस्टेबल द्वारा प्रार्थना पत्र दिए जाने की जांच सीओ सदर राजीव कुमार को दी गई थी। उनकी जांच के बाद रविवार को इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। अब महिला कांस्टेबल से ड्यूटी नहीं ली जाएगी।

वहीं प्रियंका मिश्रा के इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स की संख्या बढ़ती जा रही है। जब लाइन हाजिर हुई थीं तब उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिर्फ तीन हजार फालोअर्स थे। अब 38 हजार से ज्यादा उनके फालाेअर्स हो चुके हैं। इस्तीफ़ा देने के बाद भी प्रियंका ने कई वीडियो इंस्टा पर शेयर किए थे।

Related Articles