मध्य प्रदेश की कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को दोनों सीटों पर विजय हासिल होने से कांग्रेसी फूले नहीं समा रहे हैं। होली से 1 दिन पहले मध्य प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों पर मिली जीत ने वास्तव में कांग्रेसियों की होली के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
इस जीत के बाद वास्तव में अब कांग्रेसियों की होली मनती नजर आ रही है। मध्य प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने मुंगावली सीट पर 2124 वोटों से जीत हासिल की है। उधर कोलारस में भी कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने 2013 में अपने पिता द्वारा जीती गयी सीट को कायम रखा है। उन्होंने बीजेपी के देवेंद्र जैन को 8083 वोट से हराया है। 2013 में भी देवेंद्र जैन को महेंद्र के पिता राम सिंह ने 24953 वोट से हराया था।
इस जीत पर कांग्रेसियों का कहना है कि मध्यप्रदेश में महा समर से पहले मिली यह चुनावी जीत वास्तव में उन लोगों की जीत है जो धनबल के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। शहर के वरिष्ठ कांग्रेसियों का कहना है कि लगातार उपचुनावों में मिल रही जीत भाजपा को उसका वास्तविक आईना दिखा रही है। उनका कहना था कि हर चुनाव में झूठ और धनबल काम नहीं आता जिसका जीता जागता उदाहरण मध्य प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में देखने को मिल गया है।
कांग्रेसियों का कहना है कि होली से पहले मिली जीतने रंगों के उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया है। अब हर कांग्रेसी रंगों के साथ-साथ जीत के रंगों में भी नजर आ रहे हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि कुछ दिनों बाद मध्यप्रदेश में चुनाव होंगे और एक जीत का असर सीधे रूप से उस चुनाव पर देखने को मिलेगा और भारी बहुमत से उपचुनावों की तरह ही उन चुनावों में भी कांग्रेस को जीत मिलेगी जबकि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।
शहर वासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं, मून ब्रेकिंग