Home » लूट के दौरान युवक को मारी गोली, 2 लाख लेकर भागे

लूट के दौरान युवक को मारी गोली, 2 लाख लेकर भागे

by pawan sharma

आगरा। बीती रात थाना ताजगंज क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों से करीब दो लाख रुपये लूटे और एक युवक को गोली मारकर पुलिस के होश उड़ा दिए। इस घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस घटना स्थल पहुँच गयी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद से बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधिकारियों ने जिले की सीमाओं को सील कर दिया और चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी लेकिन बदमाश हाथ नही लग पाए।

बताया जाता है कि तेज सिंह नाम का युवक जिसकी परचून की दुकान आगरा के कहरही मोड़ पर है। वह रोजाना की तरह शाम को दुकान बंद कर अपनी बाइक से अपने घर लौट रहा था तभी अपाचे सवार बदमाशों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। बदमाश युवक का पीछा करते-करते थाना ताजगंज क्षेत्र के जयपुरिया सनराइज के पास पहुँचे जहां सुनसान इलाका देख बदमाशों ने युवक के पास मौजूद केस पर झपट्टा मारा और उसके साथ मारपीट करने लगे।

इस बीच युवक के ताऊ का लड़का पीछे आ रहा था। उसने यह नजारा देखा तो वह तेज सिंह को बदमाशों से छुड़ाने के लिए दौड़ पड़ा। बदमाशों ने उस लड़के मोहन को गोली मार दी। गोली मोहन के पैर मे लगी। इस बीच बदमाशों ने तेज सिंह से पैसों से भरा बैग छुड़ा लिया। बदमाश अपनी बाइक अपाचे को छोड़कर तेज सिंह की बाइक को लेकर फरार हो गए।

इस घटना से आस-पास के गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया जहां पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसके साथ-साथ पुलिस के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इस घटना के बाद कई जिले में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

Related Articles

Leave a Comment