आगरा। रक्षाबंधन पर्व पर दोपहिया वाहन चालकों की एक छोटी सी लापरवाही उस परिवार की खुशियां तबाह न कर दे इसके लिए रक्षाबंधन पर्व की पूर्व दिवस केजेबी फाउंडेशन के सदस्यों ने सेंट जॉन्स चौराहे पर जनजागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक बनाने के लिए संस्था की सदस्यों ने अनोखी पहल की।
इस अभियान के तहत संस्था की महिला सदस्यों ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों को राखियां बांधकर यह वचन लिया कि वह अब हमेशा हेलमेट पहनकर की दोपहिया वाहन चलाएंगे। क्योंकि उनकी सुरक्षा ही उनके परिवार की सुरक्षा है। हाथ पर रक्षासूत्र बंधा देखकर बहुत से वाहन चालकों ने संस्था की सदस्यों को हेलमेट पहनने का वचन भी दिया।
संस्था के इस प्रयास की ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने भी सराहना की। उनका कहना था कि वाहन चालकों को जुर्माने से डर नही है शायद रक्षासूत्र उन्हें हेलमेट पहनने की याद दिलाता रहेगा। इस दौरान हेलमेट पहन कर वाहन चला रहे लोगो ने तालियां बजाकर और उन्हें धन्यवाद कहकर अभिवादन भी किया।
संस्थापक और अध्यक्ष विनय गुप्ता ने अंत में इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सेंट जॉन्स चौराहा की पुलिस का सम्मान भी किया। इस अवसर पर टीम के सदस्य विशाल सिंह, अनुज कुलश्रेष्ठ, इंदु शर्मा, शालिनी श्रीवास्तव, निकिता, आशीष, हितेश, जानवी, दीक्षा, अशोक आदि उपस्थित रहे।