आगरा। शनिवार देर शाम आगरा आई यूएन जनरल एसेंबली की अध्यक्ष मारिया फर्नाडा एस्पिनोसा गार्सेस ने रविवार सुबह ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल के दीदार के लिए जब वे पहुंची तो एक अलग उत्साह उनके चेहरे पर था। करीब एक घंटे तक उन्होंने ताज का भ्रमण कर ताज का दीदार किया। ताज परिसर में भ्रमण के दौरान वे ताज के सौंदर्य पर मुग्ध नजर आई। उन्होंने ताज़ को बेमिसाल बताया।
इस दौरान उन्होंने ताज की पच्चीकारी, स्थापत्य कला व हस्तकला इतिहास में काफी दिलचस्पी भी ली और इसकी जानकारी भी ली। इस लम्हे को यादगार बनाये रखने के लिए उन्होंने डायना बैंच पर काफी देर तक फोटो भी खिंचवाए। इसके बाद ताज भ्रमण को लेकर अपने अनुभव विजिटर बुक में साझा किये। उन्होंने स्पैनिश भाषा में ताज को बेमिसाल भी लिखा।
इस दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए उनका कहना था कि अद्भुत है ताज और बेमिसाल है इसकी स्थापत्य की कला। कला और मोहब्बत को एक कर इंसानी हुनर का बेजोड़ नूमना है ताजमहल। ऐसा लगता है कि बस इसे निहारते ही रहो।
इसके बाद मारिया वापस होटल पहुंची। जहां कुछ देर आराम करने के बाद आगरा किला के भ्रमण के लिए वे निकलीं। आगरा किला के भ्रमण के दौरान भी उन्होंने यहां के भी इतिहास की जानकारी ली। यहां से भी काफी देर तक वे ताज का दीदार करती रहीं। करीब एक घंटा यहां ठहरने के बाद होटल के लिए रवाना हुई।