Home » महापौर बने अध्यापक, स्कूल के बच्चों ने जानी नगर निगम की कार्यशैली

महापौर बने अध्यापक, स्कूल के बच्चों ने जानी नगर निगम की कार्यशैली

by admin

आगरा। शुक्रवार को नगर निगम का कार्यकारिणी कक्ष का माहौल कुछ बदला हुआ सा नज़र आया। हमेशा की तरह महापौर नवीन जैन अपनी सीट पर बैठे थे और मीटिंग में नगर निगम और शहर से जुड़े कई मुद्दों पर सवाल-जवाब का दौर चल रहा था। फर्क यह था कि अन्य सीटों पर निगम के अधिकारी नहीं बल्कि विभिन्न स्कूलों से आये छात्र-छात्राएं बैठे थे जो नगर निगम की कार्यशैली को जानने को बेहद उत्सुक था। नगर निगम आने से पहले छात्रों के मन में कई शंकाएं थीं। उन शंकाओं को प्रत्येक छात्रों ने बारी-बारी से महापौर के सामने रखा और महापौर नवीन जैन एक अध्यापक की तरह एक के बाद एक छात्रों की शंकाओं का समाधान कर उनके सवालों के जवाब भी दिये।

बताते चलें कि शुक्रवार को नगर निगम की कार्यप्रणाली जानने के लिए विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं का एक दल नगर निगम पहुंचा। नगर निगम पहुंचते ही छात्रों के दल ने महापौर नवीन जैन से मुलाकात की। महापौर ने सभी छात्रों का स्वागत किया। छात्रों की जिज्ञासा को देखते हुए महापौर नवीन जैन ने खुद छात्रों को पूरे नगर निगम और स्मार्ट सिटी का भ्रमण कराया। इस दौरान नगर आयुक्त अरुण प्रकाश भी मौजूद रहे। महापौर ने छात्रों को हर विभाग की कार्य प्रणाली और उसकी क्या जिम्मेदारी है, इसकी जानकारी दी।

नगर निगम भ्रमण के बाद महापौर नवीन जैन सभी छात्रों को आगरा शहर में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यों से रूबरू कराने के लिए स्मार्ट सिटी आफिस लेकर पहुँचे। वहाँ महापौर ने स्मार्ट सिटी के तहर शहर भर में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। महापौर छात्रों को स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम में भी ले गए जहां उन्होंने शहर भर में बिछाए गए सीसीटीवी के जाल के बारे में जानकारी दी और बताया कि भविष्य में यहीं से ही पूरे शहर में नजर रखी जायेगी और सभी चौराहों पर ट्रैफिक कंट्रोल, सुरक्षा और आपातकालीन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के माध्यम से ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले,गंदगी फैलाने वाले लोगो पर कार्यवाही हो सकेगी।

हैरान कर देने वाले सवाल

सभी छात्रों ने महापौर के साथ निगम का कार्यकारणी कक्ष भी देखा। कार्यकारिणी कक्ष में महापौर ने सभी छात्रों के साथ बैठकर एक मीटिंग ली जिसमें छात्रों ने महापौर से सवाल-जवाब किये। 9वीं क्लास के छात्रों के सवालों में मासूमियत तो थी लेकिन उन्होंने शहर की समस्याओं से जुड़े ज्वलंत मुद्दे भी उठाए। इन सवालों को सुनकर महापौर और वहां मौजूद सभी लोग हैरान हो गए कि छात्र अपने शहर के विकास और समस्याओं को लेकर कितने संजीदा है।

छात्रों ने शहर में साफ सफाई, सीवर समस्या, जलभराव, शहर की यातायात व्यवस्था और सरकार की ओर से हाल ही में ट्रैफिक नियम तोड़ने के लिए लगाये गए जुर्माने को लेकर सवाल किए। जिनका महापौर नवीन जैन ने बेबाकी से जवाब दिया। इतना ही नहीं छात्रों ने अपने क्षेत्र की समस्या को भी महापौर के सामने रखा जिसे महापौर ने समाधान कराने का आश्वासन दिया।

महापौर नवीन जैन ने छात्रों को बताया कि शहर को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम प्रयासरत है लेकिन यह प्रयास शहरवासियों के सहयोग के बिना पूरा नही हो सकता है। महापौर नवीन जैन ने छात्रों से अपील की अगर वो किसी को सड़क या फिर घर के बाहर कूड़ा फेंकते हुए देखे तो उसे टोके जरूर। क्योंकि बच्चों के टोकने पर कोई बुरा नही मानता और शर्मिंदगी महसूस करने पर उस काम को नही करता है। वहीं अपने जन्मदिन के अवसर पर महापौर ने सभी छात्रों को ट्री गार्ड के साथ एक पौधा लगाने का संकल्प भी दिलाया।

छात्रों के दल में सेंट पीटर्स से मुदित अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, कुशाग्र अग्रवाल, प्रांजल जैन, तनिष्क गर्ग, आयुष अग्रवाल, वत्सल अग्रवाल, यश कपूर, आरुष गुप्ता। सेंट पैट्रिक्स से प्रिशा अग्रवाल, आँचल अग्रवाल, अनन्या तिवारी और सेंट पॉल्स से श्रष्टि गर्ग, वैभव खंडेलवाल, आयुषी गर्ग काव्या गुप्ता, ओम गुप्ता, प्रखर बंसल आदि शामिल रहे।
इस मौके पर नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, दोनों अपर नगर आयुक्त के.बी.सिंह और विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment