Home » आगरा में जोर-शोर से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

आगरा में जोर-शोर से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

by pawan sharma

आगरा। अपने स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच साल पहले जो मुहिम शुरू की थी उसे लेकर आज पूरा देश में ही नही बल्कि विदेशों में भी उसकी धूम दिखाई दे रही है। पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में चालीस से पचास हजार लोगों के साथ योग कर रहे थे तो आगरा के पूरा प्रशासन, राजनीतिक लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, खेलकूद की तमाम संस्थाएं, खिलाड़ी और छात्र आगरा के एकलव्य स्पोर्टस स्टेडियम में योग करते हुए नजर आए।

जिला प्रशासन की ओर से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में वृहद स्तर पर योग दिवस का आयोजन किया था जिसमे कमिश्नर आगरा अनिल कुमार एवं डीएम आगरा एनजी रविकुमार ने प्रतिभाग किया और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योग करने के लिए प्रेरित किया। कमिश्नर का कहना था कि शरीर को स्वास्थ्य रखने से इससे अच्छा कोई माध्यम नही है। यह भारत की संस्कृति का अनूठा पहलू है जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।

रेलवे विभाग में भी योग दिवस मनाया गया। रेलवे के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसमे भाग लिया और एक साथ योग करके दैनिक जीवन में योग की महत्वपूर्णता से सभी को रूबरू कराया जिससे आजकल की भागदौड़ वाली जिंदगी में व्यक्ति कुछ समय योग करके अपने शरीर को स्वस्थ और मजबूत बना सके।

छावनी विभाग की ओर से स्पेशल चाइल्ड के लिए संचालित स्कूल में परिषद की सीइओ ने स्पेशल बच्चों के साथ योग किया। इस दौरान बच्चे भी उत्साहित दिखाई दिए। छावनी परिषद की सीईओ ने बताया कि स्पेशल बच्चों के साथ योग करके वो काफी खुश हैं। योग के माध्यम से इन बच्चों की विकलांगता में भी सुधार होता है।

लोगों ने बताया कि पांचवा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन’ है। पूरे साल इस थीम पर ही लोग योग को अपनाएंगे और ह्रदय से संबंधित बीमारियों से निजात पाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण आज भारत की इस धरोहर को पूरा विश्व अपना रहा है।

27 सिंतबर 2014 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुत्त राष्ट्र महासभा में योग के फायदों पर प्रकाश डाला था। उस वक्त यूएन में भारत के राजूदत रहे अशोक मुखर्जी ने भारत की तरफ से विश्व योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा और 11 दिसंबर 2014 को संयुत्त राष्ट्र महासभा में 193 सदस्यों ने 21 जून को विश्व योग दिवस मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। ‘ग्लोबल हेल्थ एंड फॉरेन पॉलिसी’ के एजेंडे के तहत अपनाए गए प्रस्ताव में स्वीकार किया गया कि योग स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है और इसके लाभों के बारे में जानकारी का व्यापक प्रसार दुनिया के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होगा। इसके लिए 21 जून का दिन चुना गया, क्योंकि यह उत्तरी गोलार्ध में साल का सबसे बड़ा दिन होता है। इसके बाद 2015 से विश्व में यह दिवस मनाया जाने लगा।

Related Articles

Leave a Comment