फतेहाबाद। जिलाधिकारी आगरा के आदेश पर एसडीएम फतेहाबाद देवेंद्र प्रताप सिंह व तहसीलदार राजू कुमार ने फतेहाबाद क्षेत्र के बेहाल स्वास्थ्य विभाग का तूफानी निरीक्षण किया। इस दौरान अनेक खामियां मिली। अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी आगरा को भेज दी है। वहीं दोंनों ही अधिकारियों को ग्राम कुतुकपुर गुर्जर में स्कूलों में भी ताला पडा मिला। इसकी भी रिपोर्ट अलग से डीएम को भेज दी।
बुधवार को दोंनों ही अधिकारियों ने उपस्वास्थ्य केंद्र कुतुकपुर गुर्जर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्वास्थ्य केंद्र पर ताला पडा मिला। मौके पर कोई भी स्टॉफ मौजूद नहीं था। वहीं लौटते समय कुतुकपुर गुर्जर के प्रा. विद्यालय और उच्च प्रा. विद्यालय दोंनों पर ताला पडा मिला। यहां भी कोई भी स्टॉफ मौजूद नहीं था। उसके बाद अधिकारी पैंतीखेडा स्थित प्राईमरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डॉक्टर शंभू दयाल और फार्मसिस्ट मौजूद मिले। जहां निरीक्षण के दौरान उन्हें दावत का खाना बनता मिला जिस पर उन्होंने कडी नाराजगी जतायी।
अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। जहां महिला प्रसाधन में गंदगी पर कडी नाराजगी जताते हुए दिन में 2 बार सफाई कराने के निर्देश दिये। अधिकारियों ने इस संदर्भ में अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।