Home धार्मिक गायत्री शक्ति पीठ आंवलखेड़ा में पूरे देश से उमड़ा आस्था का सैलाब

गायत्री शक्ति पीठ आंवलखेड़ा में पूरे देश से उमड़ा आस्था का सैलाब

by admin

आगरा। गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णु गुरुर देवो महेश्वरा, गुरु साक्षात परब्रह्मा तस्मै श्री गुरवे नमः। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समस्त भारतवर्ष से हजारों की संख्या में श्रद्धालु आगरा जिले की एतमादपुर तहसील स्थित आचार्य पंडित श्री राम शर्मा जी की जन्म स्थली गायत्री शक्तिपीठ पहुंचे। जहा अनेक धार्मिक कार्यक्रमो का आयोजन किया गया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह साढ़े पांच बजे से चौबीस कुण्डीय हवन यज्ञ शुरू हुआ जिसमे सुबह साढ़े दस बजे तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु आहुति दी। इस दौरान सभी गायत्री परिजनों ने गुरुदेव के चरणों मे नमन करते हुए पूरे विश्व के लिए शांति-मंगल कामना की जबकि कई लोगों ने दीक्षा संस्कार में भाग लेकर प. श्री राम शर्मा आचार्य जी को अपना गुरुदेव मानते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के बाद भंडारे में प्रसाद वितरण किया गया।

क्या है आंवलखेड़ा स्थित गायत्री शक्तिपीठ का इतिहास

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का एक गाँव आंवलखेड़ा है जहाँ महान चिंतक एवं गायत्री परिवार के संस्थापक पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य का जन्म हुआ था। यह अब युगतीर्थ बन चुका है। जहाँ संवत 1967 आश्विन कृष्ण त्र्योदशी बुधवार (2 सितम्बर 1911) को उनका प्राकटय हुआ। यहीं की धूल में खेले, बड़े हुए। यहीं 15 वर्ष की किशोर अवस्था (वसंत पंचमी-सन् 1926) में हिमालयस्थ ऋषिसत्ता-गुरुसत्ता का साक्षात्कार हुआ। इसी के साथ प्रारंभ हो गया 24-24 लक्ष के महापुरश्चरण का सिलसिला। यहीं वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप उभरे तथा श्रीराम मत्त (मस्त) या मत्त जी के नाम से प्रसिद्ध हुए। उनके द्वारा खोदा कुआँ और लगाया गया नीम का पेड़ आज भी स्मृतियाँ ताजा करते हैं।

यहीं से उनकी सेवा-साधना प्रारंभ हुई। शिक्षा एवं ग्रामीण स्वावलम्बन की कई गतिविधियाँ चलाईं। विरासत में मिली प्रचुर भू-सम्पदा का उपयोग अपने और अपने परिवार के लिये नहीं किया। एक भाग से अपनी माताजी की स्मृति में आंवलखेड़ा में दान कुँवरि इण्टर कॉलेज की स्थापना कराई, शेष राशि बाद में गायत्री तपोभूमि हेतु समर्पित कर दी।

सन् 1979-80 में गायत्री शक्तिपीठ एवं राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज का शुभारंभ हुआ, जो आज कन्या महाविद्यालय (डिग्री कॉलेज) बन चुका है। सन् 1994 में प्रथम पूर्णाहुति समारोह भी यहाँ सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग पचास लाख लोगों ने भाग लिया। माता भगवती देवी शर्मा राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय की स्थापना भी हो चुकी है, इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री ने एक कीर्ति स्तम्भ का लोकार्पण किया। आँवलखेड़ा आगरा से लगभग 24 किलोमीटर जलेसर रोड पर स्थित है। वहाँ पहुँचकर देश-विदेश के भावनाशील साधकगण उसी प्रकार भाव विभोर हो उठते हैं, जैसे चैतन्य महाप्रभु वृन्दावन में पहुँचकर आनंदित हुए थे। गायत्री शक्तिपीठ भारत वर्ष के समस्त जिलों और मुख्य केंद्र मथुरा, हरिद्वार के साथ अन्य देशों में भी संचालित है।

Related Articles

Leave a Comment

%d bloggers like this: