Home » होली के सतरंगी रंगों में सरोबार हुए विदेशी छात्र, जमकर उड़ाए गुलाल

होली के सतरंगी रंगों में सरोबार हुए विदेशी छात्र, जमकर उड़ाए गुलाल

by pawan sharma

आगरा। रंगों के त्योहार होली का रंग विदेशी छात्रों पर भी खूब चढ़ा। क्या पूरब, क्या पश्चिम, कई देश के छात्र-छात्राएं होली के रंग में सराबोर नजर आ रहे थे। कोई पहली बार होली खेल रहा था तो कोई दूसरी बार भारतीय रंग महोत्सव होली का आनंद ले रहा था और एक दूसरे से इस पर्व के अनुभव साझा कर रहा था। छात्र-छात्राएं एक दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर एक दूसरे को इस पर्व की बधाई दे हे थे। यह सब नजारा केंद्रीय हिंदी संस्थान का था जहाँ दूर देश से हिंदी सीखने आने वाले छात्र-छात्राओं ने रंगों से जमकर मस्ती की, गुलाल उड़ाया और एक दूसरे को रंगीन कर दिया।

केंद्रीय हिंदी संस्थान में विदेशी हिंदी शिक्षा विभाग में होली महोत्सव समारोह का आयोजन हुआ। इस समारोह के माध्यम से विदेशी छात्रों को होली पर्व की जानकारी दी गयी और उन्हें इसके इतिहास से रूबरू कराया। इस होली महोत्सव में शामिल होकर इन विदेशी छात्रों ने भी इसका जमकर लुफ्त उठाया और एक-दूसरे को जमकर रंगा। चारो ओर सुंदर सुंदर चेहरे रंग बिरंगे नजर आ रहे थे।

होली पर्व को लेकर विदेशी छात्रों का कहना था कि होली भारत का प्रमुख त्यौहार है। रंगो के इस त्यौहार में शामिल होकर बहुत अच्छा लगा। यहां के लोगों के साथ होली खेलकर खूब मौज मस्ती की है और एक दूसरे पर गुलाल डाला है। रंगों का यह त्यौहार सभी भेदभावों को मिटाने का काम करता है। भारत का यह पर्व आज के यह अनूठे पल उनकी जिंदगी के यादगार पल है। कुछ विदेशी छात्रों का कहना था कि ऐसे पर्व उनके देश में नही है जहाँ सभी रंगों से एक दूसरे से प्रेम बाँटते हो।

Related Articles

Leave a Comment