आगरा। फतेहपुर सिकरी लोकसभा सीट इस समय सभी लोकसभा सीट में सबसे हॉट सीट बनी हुई है। सभी राजनैतिक पार्टी जातिगत समीकरण के आधार पर अपना प्रत्याशी उतारने की जुगत में है। भले ही सीट पर बसपा ने ठाकुर प्रत्याशी को उतार कर अपने पत्ते खोल दिए हो लेकिन भाजपा की लोकसभा प्रत्याशियों की सूची अभी तक जारी नहीं हो पाई है। इस बीच इस सीट से एक बार फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के चुनाव लड़ने की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी है।
कांग्रेस हाईकमान ने भले ही राज बब्बर को मुरादाबाद से चुनाव लड़ने के आदेश दिए हो लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर मुरादाबाद सीट पर कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इतना ही नहीं बसपा प्रत्याशी सीमा उपाध्याय के इस सीट से हाथ खींचने के बाद से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस सीट पर कवायदें करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने आगरा से अपने करीबी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा को दिल्ली बुलाया था और उनके साथ बैठक कर इस सीट पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं जिससे तय है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के परिवार का कोई सदस्य नहीं बल्कि वह खुद इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर इस लोकसभा सीट की बारीकियों को बखूबी जानते हैं। इसीलिए वह मुरादाबाद से नहीं बल्कि फतेहपुर सीकरी सीट से चुनाव लड़ने जा रहे है।
फिलहाल यह तय है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के फतेहपुर सीकरी सीट से चुनाव लड़ने पर फतेहपुर सीकरी सीट लोकसभा का चुनाव दिलचस्प हो जाएगा और फिर यह देखना होगा कि क्षेत्र की जनता किसे अपना सांसद चुनती है।