Home » कांग्रेस एक बार फिर करेगी टोरंट के ख़िलाफ़ आंदोलन, नगर निगम को भी लपेटने की तैयारी में

कांग्रेस एक बार फिर करेगी टोरंट के ख़िलाफ़ आंदोलन, नगर निगम को भी लपेटने की तैयारी में

by admin

आगरा। सौदेबाजी का वीडियो प्रकरण का मामला सामने आने के बाद भी कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन जारी रखने का मन बना रही है। इस बार टोरंट पवार के साथ-साथ अब कांग्रेस के निशाने पर नगर निगम भी है। डोर टू डोर व अन्य भ्रष्टाचार के मामले को लेकर कांग्रेस नगर निगम को घेरने की तैयारी कर रही है तो वहीं विद्युत बिल माफी को लेकर टोरंट के खिलाफ एक बार फिर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है जिसको लेकर शहर कांग्रेस कमेटी की एक बैठक सम्पन्न हुई और नगर निगम व टोरंट के खिलाफ रणनीति बनाई।

शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों की एक बैठक आज आंबेडकर सामुदायिक भवन, छीपी टोला पर आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने की। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जन समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि शहर की स्थिति बुरी हो रखी है और निगम अधिकारी चैन की नींद सो रहे है तो वहीं निगम भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है।

शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने कहा कि आज नगर निगम भ्रष्टाचार का खुला अड्डा बना हुआ है, टोरंट पॉवर आम जनता के काम धंधे बन्द होने के बावजूद आज भी जनता को लूटने के कार्यक्रम में लगी हुई है और बिजली के मीटर इतने तेज भाग रहे हैं कि आम जनता के पास काफी बढ़े हुए मूल्यों के बिल आ रहे हैं। आगरा के चुने हुए जन प्रतिनिधियों की हिम्मत नहीं है कि टोरंट पॉवर की खुली लूट का विरोध कर सकें, क्योंकि टोरंट पॉवर मोदी जी के गृह प्रदेश गुजरात की है।

वरिष्ठ कांग्रेसी विनोद बंसल ने कहा कि कांग्रेस ने टोरंट के विरूद्ध आंदोलन को समाप्त नहीं किया था बल्कि कोरोना के बढते प्रकोप के चलते कुछ दिनों के लिए स्थगित किया था। अब एक बार फिर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ टोरंट पॉवर के खिलाफ सड़कों पर होंगे और नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार के विरूद्ध जन आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस आम व्यक्ति की लड़ाई लड़ेगी चाहे इसके लिए कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।

बैठक में डॉ मधुरिमा शर्मा, नंदलाल भारती, पी सी नरवार, भीष्म पाल सिंह मुखिया, विनोद ज़रारी, इब्राहिम ज़ैदी, कपिल गौतम, अजहर वारसी, राम प्रकाश बघेल, अश्वनी कुमार बिट्टू, अनुज शर्मा, आई डी श्रीवास्तव, अनवर कुरैशी, समीक्षा दीक्षित, किशन गोपाल बघेल, हुकुम सिंह कुशवाह, राजवीर बडगूजर, राजेन्द्र सोनकर, सोनू अग्रवाल, अभिषेक डागौर आदि मौजूद रहे।

Related Articles