Home » शाहनवाज़ आलम की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता गिरफ़्तार

शाहनवाज़ आलम की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता गिरफ़्तार

by admin

लखनऊ। यूपी कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज़ आलम की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेसियों ने पुलिस प्रशासन व सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी किये जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए। कांग्रेसियों के प्रदर्शन को लेकर पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। जैसे ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कार्यकर्ताओं के साथ शाहनवाज़ आलम की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए पार्टी कार्यालय से बाहर निकले तो पुलिस ने उन्हें वहीं रोक लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प व धक्का-मुक्की हुई तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, आराधना मिश्रा सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि शाहनवाज आलम का न तो एफआईआर में नाम है और न ही चार्जशीट में, फिर भी उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह सरकार विरोध की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन हम कह देते हैं वो कितना भी दमन कर ले कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है।

बता दें कि शाहनवाज आलम को हजरतगंज पुलिस ने लखनऊ में सीएए-एनआरसी को लेकर हुई हिंसा, आगजनी व तोड़फोड़ के आरोप में सोमवार रात गिरफ्तार किया था। इसकी सूचना पर सोमवार देर रात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, कांग्रेस विधान मंडल की नेता आराधना मिश्रा मोना, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान समेत तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कांग्रेस नेता शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार सुबह भी प्रदर्शन करने जा रहे थे और इसके लिए पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए थे। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष के साथ कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के बाहर निकले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles