Mathura. हाल ही में मथुरा में हुए कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुई घटनाओं की गाज प्रदेश महासचिव व आगरा प्रभारी श्याम सुंदर उपाध्याय उर्फ बिट्टू पर गिर गयी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति द्वारा उन्हें कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्काषित कर दिया गया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के सदस्य श्याम किशोर शुक्ला ने पत्र जारी किया है। सूत्रों की माने तो उन पर आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित से हुए विवाद के बाद अपने समर्थकों से फायरिंग कराई थी।
मथुरा के वृंदावन में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन सुबह प्रभात फेरी के दौरान कांग्रेसी भिड़ गए थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने धक्कामुक्की के साथ फायरिंग की गई। पुलिस भी मौके पर आ गयी थी और इससे एक दिन पहले महिला कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष के कंधे पर हाथ रखने को लेकर हंगामा हो गया था।
बताया जाता है कि सोमवार को सुबह प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। प्रदेश महासचिव श्याम सुंदर उपाध्याय उर्फ बिट्टू को प्रदेश अध्यक्ष ने जिम्मेदारी दी थी कि सभी को लाइन में लगाकर ही चलना है। करीब 8:15 बजे बिट्टू कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की लाइन लगा रहे थे। आरोप है कि प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित ने आते ही दुर्व्यवहार किया। धक्का मुक्की के साथ ही वहां भीड़ में मौजूद किसी ने फायरिंग भी की।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस हाई कमान ने श्याम सुंदर से जवाब तलब किया था। 12 तारीख को उन्होंने जो पत्र के माध्यम से जवाब भेजा था उसे उत्तर प्रदेश कांग्रेस हाईकमान की अनुशासन समिति संतुष्ट नहीं है जिसके बाद अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला ने पत्र जारी श्याम सुंदर उपाध्याय को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
