Home » सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारी का वेतन काटा

सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारी का वेतन काटा

by admin

आगरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति देखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश वत्स ने फतेहाबाद और शमशाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान दोनों ही स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गंदगी से दो-चार होना पड़ा तो चिकित्सा अधिकारी भी अनुपस्थित मिले। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गंदगी पर अधीनस्थों को फटकार लगाई तो वहीं जो कर्मचारी अनुपस्थित मिले उनके वेतन रोके जाने के दिशा निर्देश जारी किए।

सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश वत्स ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को देखने के लिए औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अचानक से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तो उन्हें चारों ओर गंदगी मिली। शौचालय भी स्वच्छ नहीं थे। महिला वार्ड में भी चारों ओर गंदगी देखने को मिली इसको लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी नाराज दिखाई दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने महिला वार्ड में मौजूद प्रसूताओं से बातचीत की और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

इसके बाद सीएमओ मुकेश वत्स ने सरकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी देखी। समुदायिक केंद्र पर जेएसवाई के अंतर्गत पिछले 48 घंटों में 22 प्रसव कराए गए जिसके सापेक्ष 4 प्रसूता अभी भी भर्ती थी। परिवार नियोजन के अंतर्गत 650 के लक्ष्य के सापेक्ष में 425 महिलाओं और 1 पुरुष की नसबंदी हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इन राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लक्ष्य को पूरा करने के दिशा निर्देश जारी किए।

इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। यहां पर भी उन्हें महिला वार्ड में गंदगी का अंबार मिला। महिला वार्ड में गंदगी देखकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी काफी नाराज दिखाई दिए क्योंकि इस वार्ड में प्रसूता भर्ती थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यहां पर भी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति देखी। 48 घंटे में 17 प्रसव इस स्वास्थ्य केंद्र पर कराए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रसूताओं को डाइट के हिसाब से भोजन उपलब्ध कराने के दिशा निर्देश दिए जिससे उन्हें किसी भी तरह की परेशानी ना हो।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश वत्स ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान फतेहाबाद और शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वच्छता की कमी थी इसीलिए दोनों ही स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन सफाई करने के दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इतना ही नहीं फतेहाबाद स्वास्थ्य केंद्र पर अधिकारी और कर्मचारी मिलाकर 5 लोग अनुपस्थित मिले। उनके खिलाफ एक दिन का वेतन रोके जाने की कार्यवाही की गई है।

Related Articles