Home » शहर कांग्रेस पार्टी ने हर्षोल्लास से मनाई डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 130वीं जयंती

शहर कांग्रेस पार्टी ने हर्षोल्लास से मनाई डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की 130वीं जयंती

by admin
City Congress Party celebrated 130th birth anniversary of Dr. Bhimrao Ambedkar with great enthusiasm

Agra. शहर कांग्रेस पार्टी की ओर से संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर की 130वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। छीपीटोला स्थित आंबेडकर सामुदायिक केंद्र पर आयोजित जयंती समारोह में कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू, उत्तर प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ पश्चिमी जोन के चेयरमैन विनोद बंसल, वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी जमील उद्दीन और महिला शहर अध्यक्ष कांग्रेस माया माहौर मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। इस दौरान सभी ने संकल्प लिया कि उनके बताए मार्ग पर चलकर सर्व समाज के लोगों में भाईचारा और एकता बनाने का काम करेंगे जिससे लोगों में आपसी द्वेष भावना खत्म हो सके।

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने डॉ भीमराव आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी पहचान एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक के रूप में होती है। डॉ. बी.आर. आंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को महू, मध्य प्रदेश में हुआ था। बाबा साहेब संविधान निर्माता और आजाद भारत के पहले कानून मंत्री के रूप बने। भारत के संविधान के एक प्रमुख वास्तुकार, आंबेडकर ने महिलाओं के अधिकारों और मजदूरों के अधिकारों की भी वकालत की लेकिन आज उनके उसी संविधान को कुछ राजनीतिक पार्टियां अपने हित के लिए तोड़ना चाहती हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाबा साहब का संविधान सभी को समानता का अधिकार देने वाला था लेकिन आज भेदभाव की राजनीति कर कुछ पार्टियां उनके संविधान को तोड़ते हुए आपस में लड़ाने का प्रयास कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ पश्चिमी जोन के चेयरमैन विनोद बंसल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शिक्षा की नीति बाबा साहब की ही देन थी। उन्हीं ने दलितों के उत्थान के साथ अन्य पिछड़ों को भी उठाने के लिए शिक्षित बनो और आगे बढ़ो का नारा दिया था। उनकी प्राथमिकता थी कि व्यक्ति शिक्षा ग्रहण करें जिससे वह जातिवाद के भेदभाव को खत्म करते हुए समान दर्जा हासिल कर सके। आज प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार उचित शिक्षा नीति में बदलाव करना चाहती है। यह बदलाव शिक्षा क्षेत्र के लिए अच्छा नहीं है जिसके दुष्परिणाम भविष्य में देखने को मिलेंगे। शिक्षा नीति में जो बदलाव किया जा रहा है वह सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने के लिए हो रहा है।

वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी जमीलउद्दीन कुरेशी का कहना था कि आज हम सभी ने बाबा साहब के संविधान को बचाने और उनके पथ पर चलने का संकल्प लिया है जिससे एकता विरोधी ताकतों और जातिवाद को बढ़ावा देने वाली ताकतों को खत्म किया जा सके। कांग्रेस का हर सिपाही इस लड़ाई को ईमानदारी के साथ लड़ेगा।

मंगलवार को शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आज संत झूलेलाल जी की जयंती पर हाजी जमील उद्दीन के कार्यालय पर मनाई गई और एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू ने की। सभी ने संत झूलेलाल जी के चित्र पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन भी किया

शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने संत झूलेलाल जी को दुनिया का महान संत बताते हुए कहा कि उस समय सिंध प्रांत में तानाशाह शासक द्वारा सिंधी, मुस्लिम सहित सभी वर्गों के लोग पर अत्याचार किए जा रहे थे, जिसके की खिलाफ संत झूलेलाल जी जोकि भगवान वरुण का अवतार थे, खड़े होकर उस तानाशाह शासक के अत्याचारों से जनता को निजात दिलाई व भाईचारा धर्मनिरपेक्षता को कायम रखा।

गोष्ठी में हाजी जमील उद्दीन कुरैशी, पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, रमेश पहलवान, अजहर वारसी, राजीव गुप्ता, आई डी श्रीवास्तव, वासित अली, याकूब शेख, नितिन वर्मा, ताहिर हुसैन, नासिर कुरैशी, ईमरान कुरैशी आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।

Related Articles