Agra. अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से श्री कृष्ण जन्म भूमि पर लड्डू गोपाल का जलाभिषेक होने जा रहा है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री चौधरी ने इसके लिए 6 दिसंबर का दिन निर्धारित किया है। इस कार्यक्रम में महासभा के हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे और श्री कृष्ण जन्मभूमि पर लड्डू गोपाल का जलाभिषेक करेंगे। इस कार्यक्रम की जानकारी महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने दी।
अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने बताया कि 6 दिसंबर को श्री कृष्ण जन्मभूमि पर भगवान कृष्ण के वास्तविक जन्मस्थान पर ही लड्डू गोपाल का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके लिए सभी पवित्र नदियों का जल एकत्रित किया जाएगा और उसी से लड्डू गोपाल का जलाभिषेक होगा। इसके लिए 4 दिसंबर से ही जल एकत्रित करने का कार्य शुरू हो जाएगा।
संजय जाट ने बताया कि लड्डू गोपाल का जलाभिषेक पवित्र नदियों के जल से होगा और इस जल में तेजो महालय का जल भी शामिल होगा। ताजमहल ही तेजो महालय है। जहाँ शिवलिंग है और उस शिवलिंग पर पानी की बूंद गिरती है। उस बूंद को ही एकत्रित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से भी टकराव हो सकता है।
श्री कृष्ण जन्मभूमि को कराना है मुक्त
अखिल भारत हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि महासभा द्वारा 70 साल तक अदालत में कानूनी लड़ाई के बाद श्रीराम जन्मभूमि को मुक्त करा लिया गया है। अब श्री कृष्ण जन्मभूमि की बारी है। इसलिए 6 दिसंबर को ही श्री कृष्ण के गर्भगृह में जाकर लड्डू गोपाल का जलाभिषेक किया जाएगा।