Home » स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा ने लगाई ऊंची छलांग, 16वें स्थान पर आया

स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा ने लगाई ऊंची छलांग, 16वें स्थान पर आया

by admin

आगरा। गुरुवार का दिन आगरा के लिए अच्छी खबर लेकर आया। आज स्वच्छता सर्वेक्षण के घोषित हुए परिणाम में आगरा ने ऊंची छलांग लगाई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा ने पूरे देश के स्वच्छ शहरों में 16वां स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले 2019 में आगरा स्वच्छता सर्वेक्षण में 85वें स्थान पर था। स्वच्छता सर्वे में ऊंची छलांग लगाकर 16वें पायदान पर आने से निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी की लहर है तो शहरवासी भी काफी उत्साहित है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में आगरा दूसरे स्थान पर आया है।

गुरुवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वच्छता सर्वेक्षण के पांचवें संस्करण ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2020’ के परिणामों की घोषणा की। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 देश के 4242 शहरों के बीच हुआ था। इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल हुआ। इंदौर पिछले चार सालों से इस खिताब पर काबिज है। वहीं गुजरात के सूरत को दूसरा और महाराष्ट्र के नवी मुंबई को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

इससे पहले आगरा ने 2017 में 257वां, 2018 में 102 और 2019 में 85वां स्थान प्राप्त किया था। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में आगरा के 16वें स्थान पर आने से महापौर भी काफी उत्साहित है। उन्होंने इसके लिए निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है तो शहर की जनता का भी शुक्रिया कहा है जिन्होंने शहर को स्वच्छ व हराभरा रखने में सहयोग किया। हम लगातार पिछले चार सालों से ऊंची छलांग लगते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस बार अंतिम 10 स्वच्छ शहरों की सूची में आना प्राथमिकता रहेगी।

Related Articles