आगरा। कई वर्षों बाद आखिरकार वह सुखद घड़ी आई है, जब मां यमुना जी हिंडौले पर विराजमान हुईं। आगरा के प्राचीन कैलाश मंदिर घाट पर सोमवार शाम 6 बजे अद्भुत मनोरथ हिंडोले का आयोजन किया गया। इसका आयोजन प्राचीन कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरी, महंत दिलीप गिरी और श्री बांके बिहारी वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा द्वारा किया। कार्यक्रम के दौरान मां यमुनाजी की आरती भी घाट पर हुई।
महंत गौरव गिरी और डॉ. मदन मोहन शर्मा ने बताया कि सावन का महीना चल रहा है। आगरा में ऐसा पहली बार हुआ है जब मां यमुना को हिंडोले में झूला झूलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक महेशचंद्र ने आरती की। उन्हें यमुना मां साधक सम्मान से सम्मानित किया गया और मिट्टी का पात्र देकर बेजुबान की सेवा व पौधा भेंट कर पर्यावरण का संकल्प दिलाया।
श्री बांके बिहारी वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक मदन मोहन शर्मा ने बताया कि यमुना आरती प्रत्येक सोमवार शाम को कैलाश घाट पर आयोजित की जाती है जिसमें शहर भर के यमुना प्रेमियों को आमंत्रित कर यमुना शुद्धिकरण के लिये प्रेरित एवं संकल्प भी करवाया जाता है। सभी को स्वच्छ भारत का संकल्प दिलाते हुये सभी भक्तों से प्रत्येक सोमवार यमुना घाट की सफाई में योगदान देने की भी अपील की जाती है।
आरती में संजय यादव, बबीता यादव, सुशील सारस्वत, सुषमा सारस्वत, विनोद यादव, डॉ योगेंश विंदल, अमन सारस्वत, सागर गिरी, नकुल सारस्वत, अभिषेक गर्ग, प्रेम बाबा, विशाल शर्मा, अन्नू गौतम आदि लोग उपस्थित रहे।