आगरा। लॉकडाउन का तीसरा चरण आज खत्म हो चुका है। आज केंद्र सरकार द्वारा लॉकडाउन को 14 दिन के लिए बढ़ा दिया है। अब 31 मई तक लॉकडाउन रहेगा। इस बार केंद्र सरकार इसे नए रंग में लागू कर रही है। शर्तों के साथ कुछ रियायतें मिलेंगी। लेकिन आगरा शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए कोई छूट नहीं दी गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा कि लॉकडाउन 4.0 जिले में कोई छूट नहीं होगी। अब तक जैसी स्थिति है वैसी ही बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की नई गाइडलाइंस का इंतजार है, इसके बाद आगे कोई निर्णय लिया जाएगा।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह 11 बजे टीम के साथ बैठक लेंगे। उसी बैठक के बाद उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन से संबंधित गाइडलाइन्स जारी की जाएगी। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सशर्त लॉकडाउन लागू करने के लिए राज्य सरकारों पर जिम्मेदारी डाल दी है जिसमें कोरोना के दृष्टिगत रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन को देखते हुए ही जिलों में रियायत मिल सकती है। आइए देखते हैं कि उत्तर प्रदेश में कौन से जिले किस जोन में हैं।
उत्तर प्रदेश के रेड जोन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के साथ ही सर्वाधिक संक्रमित आगरा भी रेड जोन में हैं। इनके अलावा मेरठ, सहारनपुर, कानपुर नगर, मुरादाबाद, फीरोजाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, रायबरेली, वाराणसी, बिजनौर, अमरोहा, संत कबीर नगर, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, रामपुर, मथुरा और बरेली को रेड जोन में रखा गया है।
उत्तर प्रदेश के ग्रीन जोन
उत्तर प्रदेश के ग्रीन जोन में बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, हाथरस, महाराजगंज, शाहजहांपुर, अम्बेडकरनगर, बलिया, चंदौली, चित्रकुट, देवरिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, हमीरपुर, कानपुर देहात, कुशीनगर, ललितपुर, महोबा, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र व अमेठी को रखा गया है।
उत्तर प्रदेश के ऑरेंज जोन
उत्तर प्रदेश के ऑरेंज जोन में गाजियाबाद, हापुर, बागपत, बस्ती, बदायूं, सम्भल, औरैया, शामली, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, आजमगढ़, मैनपुरी, श्रावस्ती, बांदा, जौनपुर, एटा, कासगंज, सुल्तानपुर, प्रयागराज, जालौन, मिर्जापुर, इटावा, प्रतापगढ़, गाजीपुर, गोंडा, मऊ, भदौही, उन्नाव, पीलीभीत, बलरामपुर, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, हरदोई, कौशाम्बी व शामली को रखा गया है।