आगरा। कल तक जब वो वर्दी पहन कर निकलता था तो अपराधी कांप जाते थे, महकमे में अधीनस्थ हर कोई उसे इज्जत से सेल्यूट करता था और सीनियर भी उसके अनुभव को देखकर उसे प्यार से बुलाते थे पर जब रिटायरमेंट के बाद उसने महकमा छोड़ा तो उसके घर मे हुई लाखो की चोरी के बाद भी थानाप्रभारी खुद वहां नही पहुंच पाए और अधीनस्थों को भेज कर इतिश्री कर ली।

मामला ताजगंज थाना अंतर्गत एकता चौकी क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड दरोगा रामनरेश यादव के घर का है। मैनपुरी के रहने वाले दरोगा रामनरेश यादव ने आगरा में अपनाया मकान बनवा लिया था और रिटायरमेंट के बाद परिवार के साथ यही रह रहे थे। परिवार में शादी के चलते घर के कुछ सदस्य गांव गए हुए थे और कुछ सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर को सुना पाकर अज्ञात चोरों ने इस घर पर अपना हाथ साफ कर दिया। आज सुबह पड़ोसियों ने जब उनके घर के ताले टूटे देखे तो उनके भी होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल रिटायर्ड दरोगा को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रिटायर्ड दरोगा तत्काल घर पहुंचे और यहां सारे ताले टूटे और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एकता चौकी के दरोगा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। रिटायर्ड दरोगा के अनुसार अज्ञात चोर आधा किलो सोने के जेवरात,डेढ़ किलो चांदी ,सीसीटीवी और डीवीआर के साथ कई अच्छे कपड़े भी चुरा ले गए। हालांकि बीस लाख से अधिक की चोरी पर इंस्पेक्टर ताजगंज मौके पर नही पहुंचे इसका परिजनों को अफसोस है। उनका कहना है कि सेवानिवृत होने पर क्या स्थित होती है आज पता चल रहा है।