Agra. जानलेवा कोरोना महामारी व विभिन्न दैवीय आपदाओं से मुक्ति व उनके समूल नाश के लिए प्राचीन कैलाश मंदिर घाट पर यमुना मैया की पूजा अर्चना के साथ महाआरती का भव्य आयोजन महंत गौरव गिरी महंत दिलीप गिरी सागर गिरी ने किया। श्री बांके बिहारी वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने लोगों के यमुना मैया की आरती की और सभी की सुख-समृद्धि व सलामती के लिए यमुना मैया से प्रार्थना की। यमुना आरती के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पालन किया गया।
श्री बांके बिहारी वेलफेयर सोसाइटी संस्थापक अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र यमुना का जल निरंतर प्रदूषित होता जा रहा है। जल संरक्षण के अंतर्गत उन्होंने लोगों से यमुना नदी में अधजले शवों, मृत पशुओं, अपशिष्ट, हवन सामग्री व खंडित मूर्तियों को जमुना जल में न डालने की अपील करते हुए जिला प्रशासन से यमुना को प्रदूषित करने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा व महंत गौरव गिरी ने बताया कि आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन व जीवनधारा पौधारोपण अभियान प्रारंभ किया जायेगा। जिसके अंतर्गत यमुना तट, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, स्कूल पार्क, विद्यालय, सार्वजनिक स्थान, सड़क मार्ग आदि स्थानों पर सर्वाधिक आक्सीजन देने वाले पौधों का पौधारोपण किया जायेगा।