आगरा। अब्बू लाला दरगाह के पास बने कब्रिस्तान में एक बंद बक्से में मिली महिला की लाश की घटना का आगरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आगरा पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लिया है जिसमें से एक मृतका का पति हारून है। पुलिस ने रविवार सुबह ही दोनों आरोपियों को वजीरपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को अंजाम दे जेल भेजने की तैयारी कर ली है।
इस संबंध में प्रेस वार्ता करते हुए एएसपी रवीना त्यागी ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि बक्से में मिली लाश ताजगंज निवासी शबाना की थी जिसकी शिनाख्त उसकी बहन भूरी बानो ने की थी। भूरी बानो की निशानदेही पर इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मृतका शबाना की बहन ने पुलिस को बताया था कि शबाना का पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। जिस दिन उसकी हत्या हुई तब से शबाना का फोन स्विच ऑफ जा रहा था जिसके बाद से उसकी तलाश जारी थी लेकिन अखबार में खबर छपने के बाद पता किया तो लाश उसी की थी।
ASP रवीना त्यागी का कहना है कि मृतका के पति का आरोप है कि शबाना के किसी और से अवैध संबंध थे जिसके चलते आए दिन झगड़ा होता था। शुक्रवार रात अपने भाई के साथ उसने गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए अब्बू लाला कब्रिस्तान में चुपके से दफनाने लाया था लेकिन चौकीदार को इसकी आहट लगते ही वह बक्शे को वहीँ छोड़कर भाग गए।
बहरहाल एक बार फिर ताजनगरी में अवैध संबंधों का हवाला देते हुए हत्या की घटना सामने आई है। इस तरह से पिछले एक पखवाड़े में अब यह छठवीं घटना हो गयी है कि पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।