Home » भ्रष्टाचार निवारण संगठन के एसपी ने आगरा में विभागीय कार्यालयों का किया निरीक्षण

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के एसपी ने आगरा में विभागीय कार्यालयों का किया निरीक्षण

by admin

आगरा। उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और भ्रष्टाचार से संबंधित तमाम शिकायतों पर कार्रवाई कर भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसने का काम कर रहे भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा शनिवार को आगरा पहुंचे। एसपी राजीव मल्होत्रा ने बाई पुरी स्थित विभागीय कार्यालय का निरीक्षण किया और उसके बाद अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विभागीय बैठक कर भ्रष्टाचार की शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की। इस समीक्षा के दौरान लंबित पड़ी हुई शिकायतों पर जल्द ही कार्यवाही के निर्देश दिए जिससे पीड़ित को न्याय मिल सके।

विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद एसपी राजीव मल्होत्रा पत्रकारों से भी रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना है चाहे वह फिर किसी भी स्तर का अधिकारी हो या फिर कर्मचारी। अपनी कार्रवाई के माध्यम से समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। एसपी राजीव मल्होत्रा ने अपने कार्यकाल में विभाग द्वारा जो उपलब्धि हासिल की हैं उसकी जानकारी दी। बताया कि उन्होंने 30 महीने पहले भ्रष्टाचार निवारण संगठन के एसपी का पद संभाला था और पिछले 30 महीनों सालों में लगभग भ्रष्टाचार की 245 शिकायतों पर कार्रवाई कर भ्रष्टाचारियों को जेल में पहुंचाया है। सन 2018 में उनके संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के 80 मामले 2019 में भ्रष्टाचार के लगभग 100 मामले और शेष के आंकड़े इस साल फरवरी तक के हैं जिनमें भ्रष्टाचार से लिप्त लोगों को जेल भेजा गया है। इन मामलों से 41 लाख 72 हजार की धनराशि जप्त की गई है।

एसपी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि उनके आधीन 11 यूनिट काम कर रही हैं। इसमें पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों में भ्रष्टाचार संबंधित शिकायत मिलने पर प्रभावी कार्यवाही की जाती है। चाहे वह शिकायत आम व्यक्ति द्वारा की गई हो या फिर शासन स्तर से उन्हें मिली हो, सभी मामलों में निष्पक्षता के साथ जांच पड़ताल की जाती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार की शिकायत बेखौफ करने के लिए अपील की जिससे भ्रष्टाचार और भयमुक्त समाज बन सके। इस मौके पर प्रभारी यशपाल, महेश गौतम व अन्य मौजूद रहे।

Related Articles