आगरा। द्वापर के अवतारी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व आगरा में बड़ी धूमधाम के साथ में मनाया जा रहा है। हालांकि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस पर्व को मंदिरों में मनाए जाने पर रोक लगाई गई है लेकिन विशेष एहतिहात के साथ आगरा जेल में यह जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। बताते चलें भगवान श्री कृष्ण के जन्म उत्सव यानी जन्माष्टमी महापर्व को केंद्रीय कारागार आगरा में बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है। केंद्रीय कारागार के अंदर भव्य झांकी सजाई जाती है। इन झांकियों को देखने के लिए केंद्रीय कारागार के गेट आम जनता के लिए खोले जाते हैं लेकिन इस बार कोरोना के मद्देनजर थोड़ा परिवर्तन किया गया है।
डीआईजी जेल लव कुमार ने बताया कि कि भगवान श्री कृष्ण के जन्म उत्सव यानी जन्माष्टमी महापर्व को इस बार भी बड़े हर्षोल्लास के साथ में मनाया जा रहा है लेकिन अंतर केवल इतना होगा कि इस बार केंद्रीय कारागार के गेट आम जनमानस के लिए नहीं खोले जाएंगे।
डीआईजी जेल लव कुमार का दावा है कि जन्माष्टमी के महापर्व पर जेल के अंदर सजने वाली झांकियों को लेकर बन्दियों को विशेष तरीके के दिशा निर्देश जारी किए हैं। यानी जेल के अंदर झांकी सजाने वाले बंदी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ सैनिटाइजर भी प्रयोग करेंगे।
यह दूसरी बार होगा जब जन्माष्टमी के महापर्व पर केंद्रीय कारागार के द्वार नहीं खोले जाएंगे और आम जनमानस जेल के अंदर सजने वाली झांकियों के दर्शन नहीं कर पाएंगे। इससे पहले जेल के अंदर निरुद्ध कश्मीर के बंदियों के दौरान जन्माष्टमी महापर्व पर आम जनमानस के लिए गेट नहीं खोले गए थे।