Home » आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र खोले जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने कृषि मंत्री से की मुलाक़ात

आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र खोले जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ ने कृषि मंत्री से की मुलाक़ात

by admin

आगरा। भारतीय किसान संघ के बृजप्रांत अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर ने दिल्ली कृषि भवन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र खोले जाने पर चर्चा की और ज्ञापन सौंप अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र खोले जाने की मांग की।

भारतीय किसान संघ के बृजप्रांत अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर ने कृषि मंत्री से कहा कि देश में सर्वाधिक आलू उत्पादन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होता है। इस फसल का मुख्य केंद्र बिंदु आगरा है और यहां से देश के कई राज्यों में आलू का विपणन किया जाता है। आलू की गुणवत्ता पौष्टिकता एवं निर्यात योग्य उत्पादन के हेतु अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र पेरू (साउथ अमेरिका) से स्वीकृत शाखा को आगरा में स्थापित कराए जाने की किसान हित में बहुत आवश्यकता है।
मोहन सिंह चाहर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र न होने के कारण किसानों को आलू का निर्यात योग्य बीज (सीड) की प्रजातियां नही मिल पाती, निर्यात योग्य आलू उत्पादन ना होने से आलू सस्ता बिकता है तथा लागत भी डूब जाती है और कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर होते हैं।

मोहन सिंह चाहर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि आलू केंद्र के लिए उधान विभाग द्वारा सींगना में जमीन उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है फिर भी सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र आगरा में खोलने की स्वीकृति नहीं दी जा रही है किसान संघ ने नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

इस दौरान कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ऋषि कुमार ने भी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बताया कि किसान संघ के माध्यम से 2019 में आगरा में आलू केंद्र के लिए प्रार्थना पत्र दिया था जो पीएम कार्यालय से डॉ. वी के पांडेय द्वारा 18 नवंबर 2019 को पत्र भेजकर आश्वासन दिया था कि आगरा में ही अन्तराष्ट्रीय आलू केंद्र खोला जाएगा। इसके बाद 15 जून को फिर से पत्र भेजकर आलू केंद्र के लिए पुनः अनुरोध किया गया था।

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने आश्वासन दिया कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र खोले जाने के लिए गंभीरता से विचार किया जाएगा। मंत्री से मिलने वालों में मोहन सिंह चाहर, ऋषि कुमार किसान संघ एटा जिलाध्यक्ष प्रभास कुमार उपस्थित रहे।

Related Articles