आगरा। नगर निकाय चुनाव के मतदान के बाद मतदान की स्थिति जानने के लिए शहर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अबरार हुसैन ने पार्टी कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों ने भी भाग लिया। इस बैठक के दौरान किस बूथ पर कांग्रेस को कितना वोट पड़ा होगा इसको लेकर समीक्षा की गई साथ ही कांग्रेस प्रत्याशियों से यह भी जाने का प्रयास किया गया कि जिन कांग्रेस नेताओं को उनके सहयोग के लिए लगाया गया था उन्होंने पार्टी के लिए कार्य किया है या नहीं।
बताया जाता है कि निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार और बूथ संभालने की जिम्मेदारी कांग्रेस के जिमेदार कार्यकर्ताओं को सौंपी गई थी लेकिन इनमें से कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह ईमानदारी से नहीं किया। जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हुआ है। कुछ कार्यकर्ताओं की शिकायत तो पार्षद प्रत्याशियों ने शहर अध्यक्ष हाजी अबरार से की है।
शहर अध्यक्ष का कहना है कि ऐसे कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार की जा रही है जो पार्टी के वफादार नहीं रहे हैं और किसी अन्य पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। इस सूची को जल्द ही हाईकमान को सौंपा जाएगा। इसके लिए चुनाव परिणाम आने के बाद आवश्यक बैठक होगी और उसमें पूरी कार्यवाही को अमलीजामा पहना जाएगा।