Home » रेड क्रॉस सोसायटी निभा रही कोविड महामारी में अपनी जिम्मेदारी

रेड क्रॉस सोसायटी निभा रही कोविड महामारी में अपनी जिम्मेदारी

by admin

आगरा। रेड क्रॉस सोसायटी विश्वभर में मानवीय गतिविधियों और स्वास्थ्य के लिए काम करता है। कोविड-19 महामारी के इस दौर में भी रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आगरा में भी रेड क्रॉस सोसायटी की आगरा यूनिट लगातार कोविड-19 की रोकथाम के लिए बचाव और टीकाकरण के संबध में काम कर रही है।

अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस और रेड क्रीसेंट आंदोलन के सिद्धांतों को मनाने के लिए 8 मई को हर साल विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया जाता है। इस दिन लोग रेड क्रॉस वॉलिंटियर्स को जरूरतमंद लोगों की मदद करने में उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि देते हैं। यह दिवस 8 मई को हेनरी डुनेंट की जयंती पर मनाया जाता है, जो रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के संस्थापक थे। रेड क्रॉस सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य मूल रूप से किसी भी समय और परिस्थितियों में सभी प्रकार की मानवीय गतिविधियों को प्रेरित करना, आरंभ करना और प्रोत्साहित करना है। रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को मोटे तौर पर मानवीय सिद्धांतों और मूल्यों के प्रचार सहित चार भागों में वर्गीकृत किया जा सकता है, जिनमें आपदा प्रतिक्रिया, आपदा तैयारियां, स्वास्थ्य और केयर शामिल हैं।

आगरा में रेड क्रॉस सोसायटी आगरा यूनिट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. आशीष ब्रह्मभट्ट बताते हैं कि कोविड महामारी के दौर में रेड क्रॉस सोसायटी इसकी रोकथाम के लिए कार्य कर रही है। सोसायटी के सदस्यों द्वारा कोरोना से बचाव और रोकथाम के लिए लोगों को जागरुक किया। इसके साथ ही लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के लिए प्रेरित भी किया है। सोसायटी के द्वारा कई जगह स्वास्थ्य विभाग द्वारा चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत कई टीकाकरण कैंप का भी आयोजन किया है। इन कैंपों में बड़ी संख्या में लोगों ने आकर अपना टीकाकरण कराया है।

उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी सात सिद्धांतों मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक, एकता और सार्वभौमिकता पर आधारित है। दुनियाभर में चल रही कोरोना महामारी को देखते हुए द क्रॉस सोसाइटी एक साथ एकजुट होकर लोगों की मदद करती है। रेडक्रॉस कोरोना के खिलाफ उसी तरह अपनी सेवाएं दे रही है। बता दें कि आज के समय में दुनिया के 200 से ज्यादा देश इस संस्था से जुड़े हुए हैं।

रेड क्रॉस सोसायटी के आगरा यूनिट के सेक्रेटरी डॉ. एके गुप्ता ने बताया हम हर वर्ष भव्य कार्यक्रम करते हैं। इस बार कोविड के कारण ये कार्यक्रम संपन्न नहीं हो पा रहा है। हम सितंबर में होने वाले रेड क्रॉस सोसायटी के सौ वर्ष पूरे होने पर लखनऊ में भव्य जागरुकता कार्यक्रम करेंगे। संस्था के कार्यकारिणी सदस्य खुशीराम जी ने बताया कि हमने कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों को मास्क बांटकर उन्हें जागरुक किया और कुछ जरूरतमंदों को ऱाशन भी दिया।

Related Articles