फतेहपुर सीकरी। बुधवार दोपहर को ऐतिहासिक स्मारक फतेहपुर सीकरी पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब लपकों को पकड़ने गयी पुलिस और लपकों के बीच जमकर विवाद हो गया। लपकों ने पुलिस पर जमकर पथराव करना शुरु कर दिया। अचानक पथराव करने से पुलिसकर्मियों के होश उड़ गये। जान बचाने के लिये पुलिस के जवान इधर उधर भागने लगे। उसके बाद पुलिस ने कई हवाई राउंड फायर किये तब कहीं दुकानदार पीछे हटे।
इस घटना से फतेहपुर सीकरी में मौजूद पर्यटकों में दहशत फैल गयी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुँच गए। जैसे ही पुलिस ने मोर्चा संभाला पर्यटकों ने अपनी जान बचाने के लिए फतेहपुर सीकरी स्मारक छोड़ दिया। इनमे ऐसे भी पर्यटक शामिल थे जिन्होंने ऐतिहासिक स्मारक फतेहपुर सीकरी का भ्रमण तक नही किया था।
घटना दोपहर की बताई जा रही है। फतेहपुर सीकरी की दरगाह पर अवैध फड़ लगाने वाले, लपकों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी हो गयी। बताया जाता है कि लपके पर्यटकों को चादर और फूल बेच रहे थे जिसे पुलिसकर्मियों ने रोका और लपकों को पकड़ने का प्रयास किया। बस यहीं से ही लपकों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद शुरु हुआ।
इस विवाद पर पुलिस लपकों को पकड़ने आई तो बाकी के लपके पुलिस को घेरने लगे। इस दौरान पुलिस और लपकों में कहासुनी हुई। उनका आक्रोश देख पुलिस ने लपकों को भगाने के लिए लाठियां भांज दी, लेकिन पुलिस का ये दांव उल्टा पड़ा गया और लपकों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी। पुलिस को जान बचाने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पूरे घटनाक्रम के चलते मौजूद पर्यटकों में भी दशहत हो गई।
फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है और इस घटना में पुलिस का एक जवान भी घायल हुए है। पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल तैनात कर दिया है और पथराव करने वाले लपकों को चिन्हित कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।
फतेहपुर सीकरी में रोजाना हजारों पर्यटक भ्रमण करने पहुंचते है तो भारी संख्या में जायरीन भी यहां जियारत करने आते हैं। इस ऐतिहासिक स्मारक का अपना अलग ही इतिहास है लेकिन फिर भी का ही इस पर्यटन स्थल पर गद्दी को लेकर विवाद होता है तो कभी अवैध फड़ और लपकों पर होने वाली कार्यवाही इस मामले में तूल पकड़ लेती है।